हर्षित के परिजनों ने एसएसपी से की मुलाकात कंपनी के अधिकारियों पर लगाया हत्याकांड में मिलीभगत का आरोप
बदायूं । बीती 12 मार्च को एचपीसीएल कंपनी के दबंग कर्मचारी द्वारा की गई मैनेजर और डिप्टी मैनेजर की हत्या के बाद प्रदेश की सियासत में उबाल आ गया था। जिसको देखते हुए तत्काल प्रभाव से शासन ने मौजूदा एसएसपी ब्रजेश कुमार को हटा कर पुलिस विभाग पर बड़ी कार्यवाही की थी इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार करके उसकी करोड़ों की संपत्ति भी नेस्तनाबूद कर दी थी ।घटना में मारे गए डिप्टी मैनेजर हर्षित के परिजनों ने गुरूवार को नवागत एसएसपी अंकिता शर्मा से भेट की जिसमें वह संतुष्ट नजर आए लेकिन इस बीच परिजनों ने कंपनी के अधिकारियों पर इस कांड में शामिल होने का खुला आरोप लगाया।
परिजन दोपहर करीब 1.45 बजे एसएसपी आवास पहुंचे। उनकी मुलाकात एसएसपी अंकिता सिंह और एसपी देहात डॉ. हृदेश कठेरिया से हुई, जो दोपहर करीब 3 बजे तक चली। बाद में, हत्याकांड की विवेचना कर रहे एसएचओ मूसाझाग वीरेंद्र तोमर को भी बुलाया गया। परिजनों ने विवेचक से कई सवाल किए, जिनमें से कुछ के जवाब उन्हें तुरंत मिले। शेष सवालों के जवाब जांच पूरी होने पर देने का आश्वासन दिया गया। विवेचक ने परिजनों द्वारा बताए गए कुछ महत्वपूर्ण बिंदुओं को भी नोट किया, ताकि उन पर भी जांच की जा सके। एसएसपी आवास से बाहर आकर हर्षित के पिता ने मीडिया से बात की। उन्होंने बताया कि वे अपने बेटे हर्षित मिश्रा के हत्याकांड के संबंध में एसएसपी से मिले थे। पिता ने कहा कि एसएसपी ने मुख्यमंत्री की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत कार्रवाई का आश्वासन दिया है और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है। हर्षित के पिता ने सीधे तौर पर एचपीसीएल के अधिकारी राजीव कुमार सिंह पर इस कांड में शामिल होने का आरोप लगाया।
























