बाइक और ई रिक्शा में भिड़त आठ घायल,डायल 112 पुलिस बनी मूकदर्शक।
डायल 112 पुलिस की लापरवाही रोड पर तड़पते पड़े रहे घायल।
बदायूं। जिले के उसावां थाना क्षेत्र में मुरादाबाद-फर्रुखाबाद स्टेट हाईवे पर शिव शक्ति पेट्रोल पंप, हजारा मोड़ के पास एक अपाचे बाइक और ई-रिक्शा के बीच टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार चार और ई-रिक्शा में सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय पुलिस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उसावां ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल बदायूं रेफर कर दिया गया।
गुरुवार शाम करीब 5 बजे, नगर पंचायत के वार्ड पांच निवासी रघुवर की पत्नी गिरजाबत्ती, पुत्र रामवीर, सतीश और सतीश के पुत्र धर्मवीर अपने खेतों से गेहूं की फसल काटकर ई-रिक्शा से घर लौट रहे थे।
दूसरी ओर, बिनावर थाना क्षेत्र के ग्राम रहीमा निवासी लविश अपने तीन दोस्तों जुनैद और इमरान के साथ अपाचे मोटरसाइकिल (UP24BP4628) से बदायूं की तरफ से उसावां की ओर आ रहा था। तभी हजारा मोड़ पर बाइक और ई-रिक्शा के बीच टक्कर हो गई, जिससे सभी आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने तत्काल डायल 112 पुलिस को सूचना दी। बाद में, उसावां थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची।
थानाध्यक्ष राजेंद्र सिंह अपने पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस प्रशासन और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उसावां पहुंचाया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उसावां में डॉ. विक्रम सिंह ने बताया कि सभी घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल बदायूं रेफर कर दिया गया है।
घायलों में जुबैर पुत्र शहजादे, आकाश उर्फ बाला पुत्र राकेश, इमरान उर्फ लविश पुत्र शहंशाह (सभी निवासी ग्राम रहमा, थाना बिनावर, जनपद बदायूं, अपाचे बाइक सवार) तथा गिरजाबत्ती पत्नी रघुवर, रामवीर पुत्र रघुवर, सतीश पुत्र रघुवर और धर्मवीर पुत्र सतीश (सभी निवासी वार्ड संख्या 5, नगर पंचायत उसावां, ई-रिक्शा सवार) शामिल हैं।
























