जौनपुर।जमुनीपुर हत्याकांड का पर्दाफाश, क्रिकेट विवाद बना 25 वर्षीय युवक की मौत का कारण

जमुनीपुर हत्याकांड का पर्दाफाश, क्रिकेट विवाद बना 25 वर्षीय युवक की मौत का कारण

जौनपुर/बरसठी। थाना क्षेत्र के जमुनीपुर गांव में रविवार को हुई 25 वर्षीय युवक की दिनदहाड़े चाकू मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इस हत्याकांड में मृतक का दोस्त ही उसका कातिल निकला। हत्या का कारण प्रेम संबंध नहीं बल्कि क्रिकेट खेलने को लेकर हुआ विवाद बताया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जमुनीपुर निवासी शुभम शुक्ला (25) की रविवार को मगरमु रोड पर चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई थी और गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया था।

मृतक के पिता राजेश शुक्ला की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। जांच में सामने आया कि 21 फरवरी 2026 (शनिवार) को शुभम शुक्ला और पड़ोसी गांव मगरमु निवासी विकास यादव के बीच क्रिकेट खेलने को लेकर विवाद हुआ था। इसी रंजिश को लेकर रविवार को विकास यादव ने अपने साथियों के साथ मिलकर शुभम को बहाने से बुलाया और मगरमु रोड पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे।

थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए सोमवार सुबह लगभग 10:30 बजे रसूलहा भीटा के पास से सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में विकास यादव (19) पुत्र सुभाष चंद्र यादव निवासी मगरमु, सुमित उर्फ छोटू पटेल (18), सचिन पटेल (20) निवासी रसूलहा परियत, अनुज पटेल (18) निवासी पुरईपुर रसूलहा तथा एक बाल अपचारी शामिल है।

सभी आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 191(2), 191(3), 103(1), 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी विकास यादव के विरुद्ध पूर्व से भी अन्य आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह मनबढ़ किस्म का बताया जाता है।

गिरफ्तारी टीम में थाना प्रभारी जयप्रकाश यादव, उपनिरीक्षक अम्ब्रीश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक अनिल यादव, उपनिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार दुबे, उपनिरीक्षक अजय कुमार तिवारी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

इस त्वरित कार्रवाई से जहां परिजनों को कुछ हद तक राहत मिली है, वहीं पुलिस की सक्रियता की क्षेत्र में सराहना हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *