Sunday, February 15

बदायूं में बुजुर्ग महिला की हत्या व लूट का खुलासा, दो सगे भतीजे गिरफ्तार

बदायूं में बुजुर्ग महिला की हत्या व लूट का खुलासा, दो सगे भतीजे गिरफ्तार

बदायूं ।जिले के दातागंज थाना क्षेत्र में बुजुर्ग महिला की हत्या कर लाखों रुपये व जेवरात लूटने की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मृतका के ही दो सगे भतीजों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नकदी, सोने-चांदी के जेवरात और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं डॉ. बृजेश कुमार सिंह के निर्देश पर जनपद में अपराध की रोकथाम और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत दातागंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अपर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी दातागंज के पर्यवेक्षण में थाना दातागंज पुलिस टीम ने हत्या व लूट के मामले में वांछित दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, अभियुक्तों के कब्जे से लूट का माल बरामद किया गया है। जिसमें एक लाख 10 हजार रुपये नकद, सोने का हार, दो सोने की अंगूठियां, एक जोड़ी सोने के कुंडल, चांदी की चैन, सात जोड़ी चांदी की पाजेब, पांच जोड़ी चांदी के खड़ुए और एक जोड़ी चांदी की कंगनी शामिल हैं। इसके अलावा दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।

याद रहे कि 2-3 जनवरी 2026 की रात ग्राम पापड़ हमजापुर में मुन्नी देवी पत्नी रामौतार के घर में घुसकर उनकी हत्या कर दी गई थी और घर में रखे नकदी व जेवरात लूट लिए गए थे। मृतका की पुत्री राधा गुप्ता की तहरीर पर थाना दातागंज में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए एसएसपी बदायूं द्वारा चार विशेष टीमें गठित की गई थीं।

पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि उन्हें पैसों की जरूरत थी। उन्होंने अपने ताऊ से पैसे मांगे, लेकिन मना कर दिए जाने पर उन्होंने लूट की योजना बनाई। 2 जनवरी को दिन में घर पर ताला देखकर उन्होंने अपने परिचितों के साथ चोरी की योजना बनाई। रात में चोरी के दौरान ताई मुन्नी देवी के विरोध करने पर धक्का-मुक्की में उनकी मौत हो गई, जिसके बाद वे मौके से फरार हो गए।

गिरफ्तारी में प्रभारी निरीक्षक वेदपाल सिंह (थाना दातागंज), प्रभारी निरीक्षक माधो सिंह बिष्ट (स्वाट टीम) और उप निरीक्षक धर्वेन्द्र कुमार (प्रभारी सर्विलांस सेल) अपनी-अपनी टीमों के साथ शामिल रहे। पुलिस ने अभियुक्तों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *