Sunday, February 15

छत्तीसगढ़।गरियाबंद के जंगलों में नक्सलियों से मुठभेड़, सामान छोड़कर भागे माओवादी।

गरियाबंद के जंगलों में नक्सलियों से मुठभेड़, सामान छोड़कर भागे माओवादी।

छत्तीसगढ़। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। जवाबी कार्रवाई में दबाव बढ़ने पर नक्सली जंगल का सहारा लेकर फरार हो गए और अपना रोजमर्रा का सामान मौके पर छोड़ गए।

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के थाना शोभा क्षेत्र के जंगलों में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ की सूचना है। यह इलाका जिला मुख्यालय से करीब 65 किलोमीटर दक्षिण में स्थित है। कार्रवाई जिले में चल रहे नक्सल विरोधी अभियान के तहत वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में की गई।

पुलिस को खुफिया जानकारी मिली थी कि प्रतिबंधित माओवादी संगठन धमतरी-गरियाबंद-नुआपाड़ा डिवीजन के आठ से 10 नक्सली शोभा थाना क्षेत्र के जंगलों में सक्रिय हैं। सूचना के आधार पर जिला पुलिस की ई-30 टीम, 207 कोबरा बटालियन तथा 65वीं और 211वीं बटालियन सीआरपीएफ की संयुक्त टीम को सर्च ऑपरेशन के लिए रवाना किया गया।

पांच जनवरी 2026 की शाम को जब सुरक्षाबल जंगल में सर्चिंग कर रहे थे, तभी पहले से घात लगाए बैठे नक्सलियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। नक्सलियों का उद्देश्य सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाना और उनके हथियार लूटना बताया गया है। हालांकि, जवानों ने सतर्कता दिखाते हुए तुरंत मोर्चा संभाला और प्रभावी जवाबी कार्रवाई की।

सुरक्षाबलों के दबाव के आगे नक्सली ज्यादा देर टिक नहीं पाए और अंधेरे तथा घने जंगल-पहाड़ी इलाके का फायदा उठाकर भाग निकले। इस दौरान वे अपने दैनिक उपयोग का सामान मौके पर ही छोड़ गए।

मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके और आसपास के जंगल में सघन सर्च अभियान चलाया। घटनास्थल से नक्सलियों द्वारा छोड़ी गई बड़ी मात्रा में सामग्री बरामद की गई, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। फिलहाल क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन जारी है और सुरक्षाबल अलर्ट पर हैं।

गरियाबंद पुलिस ने जिले में सक्रिय माओवादियों से हिंसा का रास्ता छोड़कर आत्मसमर्पण करने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि आत्मसमर्पण करने वालों को शासन की पुनर्वास नीति के तहत सभी सुविधाएं दी जाएंगी। आत्मसमर्पण से संबंधित जानकारी के लिए नक्सल सेल गरियाबंद का मोबाइल नंबर 94792-27805 जारी किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *