Sunday, February 15

बदायूं में अधेड़ की गोली मारकर हत्या, तिराहे पर मिला शव

बदायूं में अधेड़ की गोली मारकर हत्या, तिराहे पर मिला शव

बदायूं। जिले में एक अधेड़ व्यक्ति की गोली मारकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। गेहूं के खेत की रखवाली करने गए व्यक्ति का शव गांव के तिराहे पर पड़ा मिला, जिसके पेट में गोली का घाव था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

घटना जनपद के थाना उसैहत क्षेत्र के अंतर्गत गांव मुर्गारा जरासी की है, जहां तिराहे पर एक अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. बृजेश सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।

मृतक की पहचान गांव अहमदनगर बछोरा निवासी राजा राम पुत्र भूमि राज के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार राजा राम सोमवार रात गंगा किनारे स्थित अपने गेहूं के खेत की रखवाली करने गए थे, लेकिन इसके बाद वह घर नहीं लौटे। मंगलवार सुबह उनका शव गांव के तिराहे पर पड़ा मिला।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई है और शव को लाकर तिराहे पर फेंका गया है। वहीं, परिजनों ने गांव के ही एक हिस्ट्रीशीटर पर हत्या का आरोप लगाया है।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किए जाने का दावा पुलिस कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *