अहरौला डाकघर में तीन माह से ठप लेन-देन, राउटर खराब होने से खाताधारक बेहाल।
आजमगढ़ । अहरौला क्षेत्र का डाकघर बीते तीन माह से गंभीर तकनीकी समस्या से जूझ रहा है। डाकघर में लगा इंटरनेट राउटर लंबे समय से खराब पड़ा है। जिसके चलते खाताधारकों का दैनिक लेन-देन पूरी तरह बाधित हो गया है। जमा-निकासी, पेंशन वितरण, बचत खाता से जुड़ी सेवाएं और अन्य आवश्यक कार्य ठप पड़े हैं।
डाकघर में रोज़ाना दूर-दराज के गांवों से बड़ी संख्या में खाताधारक पहुंचते हैं,। लेकिन नेटवर्क न होने के कारण उन्हें मायूस होकर लौटना पड़ता है। लगातार हो रही असुविधा से खाताधारकों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है, जिससे कई बार डाकघर परिसर में तनाव और कहासुनी की स्थिति बन जाती है।
डाकपाल ने बताया कि राउटर खराब होने की जानकारी विभागीय अधिकारियों को तीन माह पूर्व ही दे दी गई थी, इसके बावजूद अब तक न तो राउटर बदला गया और न ही समस्या का कोई स्थायी समाधान निकाला गया। तकनीकी लापरवाही के चलते आम जनता को परेशानी उठानी पड़ रही है।
स्थानीय खाताधारकों ने डाक विभाग के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि जल्द से जल्द राउटर को ठीक कराया जाए या नया राउटर लगाया जाए, ताकि लंबे समय से बाधित सेवाएं बहाल हों और लोगों को राहत मिल सके।























