यूपी में एसआईआर की तिथियां बदलीं, अंतिम सूची मार्च में जारी होगी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया की समय-सारिणी बदल दी गई है। भारत निर्वाचन आयोग ने अर्हता तिथि एक जनवरी 2026 के आधार पर चल रहे पुनरीक्षण कार्यक्रम की संशोधित तिथियां जारी कर दी हैं। इसके तहत अब मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन छह मार्च 2026 को किया जाएगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि नई समय-सारिणी के अनुसार मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशन छह जनवरी 2026 को होगा। इसके बाद छह जनवरी से छह फरवरी तक मतदाता सूची से जुड़े दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि छह जनवरी से 27 फरवरी 2026 के बीच नोटिस जारी करने, गणना प्रपत्रों पर निर्णय लेने और प्राप्त दावे-आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। पूरी प्रक्रिया के बाद उत्तर प्रदेश की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। निर्वाचन विभाग ने मतदाताओं से अपील की है कि वे तय समय सीमा में अपने नाम, पता और अन्य विवरणों की जांच कर आवश्यक संशोधन अवश्य करा लें, ताकि मतदाता सूची पूरी तरह शुद्ध और अद्यतन हो सके।
























