प्रमुख सचिव ने मेडिकल कॉलेज निर्माण, धान खरीद व सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा की ,किसानों से पारदर्शी व सुचारु धान खरीद के निर्देश
शाहजहांपुर। योगेंद्र यादव
प्रमुख सचिव, सचिवालय प्रशासन विभाग/सामान्य प्रशासन/भाषा/राष्ट्रीय एकीकरण एवं पुनर्गठन समन्वय विभाग, उत्तर प्रदेश शासन तथा जनपद शाहजहांपुर के नोडल अधिकारी श्री मनीष चौहान ने सोमवार को जनपद का भ्रमण कर विभिन्न निर्माण कार्यों, धान खरीद व्यवस्था एवं सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा की।
प्रमुख सचिव ने जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह के साथ स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय एवं संबद्ध चिकित्सालय परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने मुख्य द्वार व बाउंड्रीवाल, 100 बेडेड चिकित्सालय, 50 बेडेड क्रिटिकल केयर ब्लॉक, इमरजेंसी ब्लॉक तथा सीसी रोड सहित अन्य कार्यों की प्रगति देखी। 100 बेडेड चिकित्सालय के संबंध में कार्यदायी संस्था ने बताया कि स्थान परिवर्तन के कारण अतिरिक्त विद्युत व सिविल कार्यों की आवश्यकता उत्पन्न हुई है। अतिरिक्त विद्युत कार्यों का 495.77 लाख रुपये का आगणन महानिदेशालय को भेजा गया है, जबकि अतिरिक्त सिविल कार्यों का 997.15 लाख रुपये का प्रस्ताव शासन स्तर पर विचाराधीन है।
50 बेडेड क्रिटिकल केयर ब्लॉक का कार्य दूसरी किश्त की धनराशि जारी न होने के कारण लंबित बताया गया। निरीक्षण के दौरान प्रमुख सचिव ने चिकित्सालय की ओपीडी का भी भ्रमण किया और ओआरएस के माध्यम से पंजीकरण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
इसके बाद प्रमुख सचिव ने कृषि उत्पादन मंडी, रौजा स्थित धान खरीद केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों से संवाद कर खरीद प्रक्रिया, सुविधाओं और भुगतान की स्थिति की जानकारी ली। निरीक्षण के समय विभिन्न केंद्रों पर किसानों के धान की तौल चल रही थी।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने बताया कि 28 दिसंबर 2025 तक जनपद में 31,128 किसानों से 2,68,503.563 मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है, जो निर्धारित लक्ष्य का 88.03 प्रतिशत है। खरीदे गए धान के सापेक्ष 91.41 प्रतिशत भुगतान किसानों को किया जा चुका है। शेष धान के प्रेषण में एफआरके की कमी के कारण विलंब की जानकारी दी गई। इस पर प्रमुख सचिव ने अधिकारियों को एफआरके संबंधी समस्या का शीघ्र समाधान कर अवशेष धान का त्वरित प्रेषण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि धान की गुणवत्ता प्रभावित न हो।
भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत विकास भवन सभागार में विकास, राजस्व तथा कानून-व्यवस्था से संबंधित सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक भी हुई। प्रमुख सचिव ने लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण, विकास कार्यों में तेजी लाने और कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन हो तथा सीएम डैशबोर्ड पर कम रैंक वाले विभाग अपनी प्रगति में सुधार करें।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी, नगर आयुक्त डॉ. विपिन कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, नगर मजिस्ट्रेट प्रवेंद्र कुमार, एसपी सिटी देवेंद्र कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा, जिला खाद्य विपणन अधिकारी राकेश मोहन पाण्डेय सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
























