Tuesday, December 16

जौनपुर।बीजेपी ने जौनपुर में किया बड़ा संगठनात्मक बदलाव, अजीत प्रजापति बने नए जिलाध्यक्ष।

बीजेपी ने जौनपुर में किया बड़ा संगठनात्मक बदलाव, अजीत प्रजापति बने नए जिलाध्यक्ष।

जौनपुर। बुधवार देर रात भारतीय जनता पार्टी ने जौनपुर जिले की राजनीति में नई उर्जा भरते हुए अजीत प्रजापति को जौनपुर का नया जिलाध्यक्ष नियुक्त कर दिया। प्रदेश नेतृत्व द्वारा जारी की गई सूची सामने आते ही जिले भर में भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर दौड़ गई।

जानकारी के मुताबिक पिछले कई महीनों से नए जिलाध्यक्ष के चयन को लेकर पार्टी संगठन में मंथन चल रहा था। विभिन्न पदाधिकारियों की राय, संगठन में उनकी सक्रिय भूमिका, बूथ स्तर तक मजबूत पकड़ और सामाजिक स्वीकार्यता के आधार पर अंततः अजीत प्रजापति के नाम पर मुहर लगी।

घोषणा होते ही सोशल मीडिया पर बधाइयों की बौछार शुरू हो गई। कई मंडलों, शक्ति केंद्रों और पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों ने इस निर्णय को संगठन के लिए ‘ऊर्जा देने वाला कदम’ बताया। जिले के कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटकर खुशी व्यक्त की, जबकि नवनियुक्त जिलाध्यक्ष के आवास पर शुभचिंतकों का तांता लगा रहा।

नवनियुक्त जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विज़न को घर-घर तक पहुंचाने के लिए समर्पित रहेंगे। उन्होंने कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य संगठन को बूथ स्तर तक और मजबूत करना तथा आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनावों की तैयारी को गति देना होगा।

बीजेपी के इस फैसले को जिले में आगामी चुनावों के लिए महत्वपूर्ण रणनीतिक कदम के रूप में भी देखा जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अजीत प्रजापति की नियुक्ति जिले में राजनीतिक समीकरणों को नया आयाम देगी और संगठन में नई ऊर्जा का संचार करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *