
बलिया की अंजली तोमर ने राज्य स्तरीय कहानी सुनाओ प्रतियोगिता में दिखाया कमाल।
संजीव सिंह बलिया| लखनऊ उत्तर प्रदेश शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद के तत्वावधान में लखनऊ के प्राथमिक विद्यालय खुर्रमनगर में आयोजित सप्तम राज्य स्तरीय कहानी सुनाओ प्रतियोगिता में बलिया की सहायक अध्यापिका अंजली तोमर ने शानदार प्रदर्शन किया। 75 जनपदों के 150 सर्वश्रेष्ठ चयनित प्रतिभागियों के बीच अपनी उत्कृष्ट कला कौशल, सशक्त भाषा शैली और प्रभावशाली प्रस्तुति के बल पर अंजली ने अपना नाम 52 चयनित शिक्षकों की सूची में शामिल कर राज्यस्तरीय चयन सुनिश्चित किया।
यह अंजली का लगातार तीसरा राज्यस्तरीय सफल प्रदर्शन है। इससे पूर्व उन्होंने 2021-22 में टीएलएम प्रतियोगिता में सम्मान और 2022-23 में राज्यस्तरीय आईसीटी प्रतियोगिता में विजेता का सन्मान प्राप्त किया था। उनके इस सफलता से बलिया बेसिक शिक्षा विभाग का मान-सम्मान और बढ़ गया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी हनुमानगंज सहित जिले के समस्त शिक्षक व विद्यालय परिवार ने अंजली को बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं व्यक्त की हैं। अंजली का यह प्रदर्शन जिले के शैक्षिक क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।

