Tuesday, December 16

भदोही।अभोली में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस की तैयारियां जोरों पर: 11 अगस्त को बच्चों को खिलाई जाएगी अल्बेंडाजोल गोली।

अभोली में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस की तैयारियां जोरों पर: 11 अगस्त को बच्चों को खिलाई जाएगी अल्बेंडाजोल गोली।

शरद बिंद/भदोही 

भदोही,अभोली। विकासखंड के ब्लॉक संसाधन केंद्र, अभोली में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के उपलक्ष्य में एक महत्वपूर्ण अभिमुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर डॉ. वीरेंद्र कुमार यादव ने अध्यापकों, प्रधानाचार्यों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा कार्यकर्ताओं और आशा संगिनियों को इस अभियान के महत्व और प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी यशवंत कुमार सिंह, एएनएम ज्योति यादव, अरविंद कुमार, मंजू, संतोष सिंह और कमलेश पांडे सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

डॉ. वीरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि 11 अगस्त 2025 को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत 1 से 19 वर्ष की आयु के बच्चों को अल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जाएगी। यह गोली कृमि संक्रमण से बचाव, बच्चों के पोषण स्तर में सुधार, एनीमिया की रोकथाम और शारीरिक-बौद्धिक विकास को बढ़ावा देने में सहायक है। उन्होंने जोर देकर कहा कि गोली केवल खाना खाने के बाद ही दी जानी चाहिए। गंभीर रूप से बीमार बच्चों या जिन्होंने भोजन नहीं किया है, उन्हें यह गोली नहीं दी जाएगी। इसके लिए पर्याप्त मात्रा में अल्बेंडाजोल और आयरन की गोलियां उपलब्ध कराई गई हैं।

खंड शिक्षा अधिकारी यशवंत कुमार सिंह ने अभियान की सफलता के लिए सभी से समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया। यह अभियान स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से संचालित होगा, ताकि कोई भी बच्चा इस लाभ से वंचित न रहे। जो बच्चे 11 अगस्त को गोली लेने से छूट जाएंगे, उन्हें 14 अगस्त को मॉप-अप दिवस पर दवा दी जाएगी। इस पहल का उद्देश्य बच्चों के समग्र स्वास्थ्य और जीवन की गुणवत्ता में सुधार करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *