Tuesday, December 16

रांची।आस्था रानी ने जेपीएससी में 58वीं रैंक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया ,परिवार में जश्न का माहौल

आस्था रानी ने जेपीएससी में 58वीं रैंक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया ,परिवार में जश्न का माहौल

 झारखंड(रांची)।विनीत कुमार

बुढ़मू प्रखंड के ठाकुरगांव निवासी शिक्षक अनिलकांत महतो की सुपुत्री आस्था रानी ने झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की प्रतिष्ठित परीक्षा में 58वीं रैंक प्राप्त कर क्षेत्र, परिवार और शुभचिंतकों को गौरवान्वित किया है। उनकी इस शानदार उपलब्धि से पूरे ठाकुरगांव सहित आसपास के गांवों में खुशी की लहर दौड़ गई है। आस्था की प्रारंभिक शिक्षा ठाकुरगांव स्थित सरस्वती शिशु मंदिर से हुई, जहां उन्होंने चौथी कक्षा तक अध्ययन किया। इसके बाद उन्होंने लेडी केसी राय मेमोरियल स्कूल से 10वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की और डीएवी कपिलदेव, रांची से 12वीं की पढ़ाई पूरी की। स्नातक और बीएड की पढ़ाई रांची वीमेंस कॉलेज तथा रांची विश्वविद्यालय से प्रथम श्रेणी में पूर्ण की। शैक्षणिक उत्कृष्टता का क्रम आगे बढ़ाते हुए उन्होंने जून 2025 में नेट की परीक्षा भी सफलता पूर्वक उत्तीर्ण की। आस्था के पिता अनिलकांत महतो एक शिक्षक हैं, वहीं माता श्रीमती सुनीता देवी गृहिणी हैं। परिवार में शिक्षा का माहौल शुरू से ही रहा है। आस्था के भाई रोहन राज ने बीटेक की डिग्री प्राप्त करने के बाद गेट परीक्षा में आल इंडिया 78वीं रैंक प्राप्त की है, जो स्वयं में एक बड़ी उपलब्धि है। अपनी सफलता का श्रेय आस्था ने अपने दादाजी, माता-पिता, शिक्षकों ,स्वजनोंऔर मित्रों को दिया है। उन्होंने कहा कि यह सफलता लगातार मेहनत, समय का सही प्रबंधन और आत्मविश्वास का परिणाम है। उन्होंने युवाओं को यह संदेश भी दिया कि किसी भी परीक्षा में सफलता पाने के लिए धैर्य और दृढ़ निश्चय आवश्यक है। आस्था को बधाई देने के लिए परिजन उनके घर पहुंच रहे हैं। इस सफलता के साथ आस्था रानी ने यह सिद्ध कर दिया है कि संकल्प और मेहनत से किसी भी मंजिल को पाया जा सकता है। ठाकुरगांव की यह बेटी अब राज्य के प्रशासनिक सेवाओं में अपनी सेवा देकर समाज को नई दिशा देने को तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *