Sunday, February 15

जौनपुर।पूर्वांचल विश्वविद्यालय में वाई-ब्रेक योग प्रोटोकॉल के तहत सामूहिक योगाभ्यास सम्पन्न

पूर्वांचल विश्वविद्यालय में वाई-ब्रेक योग प्रोटोकॉल के तहत सामूहिक योगाभ्यास सम्पन्न

जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कुलपति सभागार में गुरुवार को उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश के तहत वाई-ब्रेक योग प्रोटोकॉल पर आधारित सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन किया गया। यह आयोजन विश्वविद्यालय में कार्यरत अधिकारियों व कर्मचारियों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य संवर्धन के उद्देश्य से किया गया।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. वंदना सिंह स्वयं शामिल रहीं और उन्होंने योगाभ्यास कर सभी को योग को जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा, “योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक तनाव को भी कम करता है। हमें अपने दैनिक जीवन में योग को नियमित रूप से शामिल करना चाहिए।”

इस अवसर पर योगाचार्य जय सिंह द्वारा वाई-ब्रेक योग प्रोटोकॉल के अंतर्गत ताड़ासन, स्कंध चक्र, अर्धचक्रासन, नाड़ी शोधन प्राणायाम, भ्रामरी प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया गया। यह प्रोटोकॉल आयुष मंत्रालय द्वारा विशेष रूप से कार्यरत लोगों के लिए तैयार किया गया है, जो महज पांच मिनट में तनाव दूर कर ऊर्जा और एकाग्रता को पुनः जाग्रत करने में सहायक है।

योगाभ्यास सत्र में कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह, प्रो. प्रमोद यादव, उपकुलसचिव बबीता सिंह, एआर मुस्ताक अली, डॉ. मनोज पाण्डेय, डॉ. पुनीत सिंह, संजय सिंह, श्याम त्रिपाठी, आशुतोष सिंह, पंकज सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का उद्देश्य योग के लाभों से अवगत कराना और कार्यस्थल पर स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *