
सराय हरखू में रेल रोको आंदोलन को कांग्रेस का समर्थन, जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह हुए शामिल
जौनपुर, बक्शा:
सरायहरखूं व बक्शा स्टेशन पर शटल, मेमू और फरक्का ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर चल रहे रेल रोको अभियान को अब राजनीतिक समर्थन भी मिलने लगा है। बक्शा ब्लॉक परिसर में पिछले तीन दिनों से आमरण अनशन कर रहे अमरनाथ साथी व उनके समर्थकों को आज कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह का पूर्ण समर्थन मिला।
डॉ. सिंह ने अनशन स्थल पर पहुंचकर आंदोलन का उद्देश्य जाना और सरकार तक मांगों को पहुंचाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन जनहित से जुड़ा है, और कांग्रेस पार्टी पूरी तरह इस संघर्ष में साथ है।
अनशनकारियों की प्रमुख मांग है कि सरायहरखूं अथवा बक्शा रेलवे स्टेशन पर शटल ट्रेन, मेमू ट्रेन और फरक्का एक्सप्रेस का ठहराव सुनिश्चित किया जाए। इससे क्षेत्र की 100 से अधिक ग्राम सभाओं की लगभग 2 लाख जनसंख्या को सीधा लाभ मिलेगा।
डॉ. प्रभात विक्रम सिंह ने स्पष्ट कहा, “यह जनता की लड़ाई है, जब तक सरकार हमारी मांगें नहीं मानती, संघर्ष जारी रहेगा। हम पीछे हटने वाले नहीं हैं।”
इस मौके पर कई प्रमुख सामाजिक व राजनीतिक कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे, जिनमें शेर बहादुर सिंह, देवराज पाण्डेय, कृष्ण कुमार गुप्ता (बब्लू), अरुण शुक्ला, डॉ. प्रभात विक्रम सिंह, चंद्रजीत गुप्ता, इरशाद खान और अखिलेश यादव शामिल थे।
























