
जौनपुर की बेटी नम्रता यादव ने रचा इतिहास, एशियन जु-जित्सू प्रतियोगिता 2025 में भारत को दिलाया कांस्य पदक
जौनपुर।जिले की होनहार बेटी और शिव गोविंद महाविद्यालय, मछलीशहर की छात्रा नम्रता यादव ने एशियन जु-जित्सू प्रतियोगिता 2025 में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए कांस्य पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। यह प्रतियोगिता हाल ही में जॉर्डन में आयोजित हुई थी, जिसमें कई देशों के खिलाड़ियों ने भाग लिया।
नम्रता की इस उपलब्धि से जौनपुर जिले और कॉलेज का नाम अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर रोशन हुआ है। उनकी इस सफलता पर कॉलेज के प्रबंधक और पूर्व विधायक लाल बहादुर यादव ने उन्हें फूलों का गुलदस्ता देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
लाल बहादुर यादव ने कहा, “नम्रता यादव की यह उपलब्धि यह सिद्ध करती है कि जौनपुर की बेटियां भी किसी से कम नहीं हैं। उनकी मेहनत, लगन और समर्पण ने यह मुकाम दिलाया है। यह सफलता अन्य छात्रों को भी प्रेरणा देगी कि वे भी अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए परिश्रम करें।”
कॉलेज प्रशासन, शिक्षकगण और स्थानीय लोगों ने नम्रता की इस जीत पर हर्ष व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दी हैं। वहीं, समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता श्री राहुल त्रिपाठी समेत पूरा कॉलेज परिवार इस गौरवपूर्ण अवसर पर उपस्थित रहा।
नम्रता यादव की इस जीत पर उनके परिजन गौरवान्वित हैं। यह जौनपुर की नई पीढ़ी के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन गई है।
























