
शाहजहांपुर । डीएम ने जमीनी विवाद निबटाने को शुरू की नई पहल बोले एक दिन में होगा विवाद का निस्तारण
मुजीब खान
शाहजहांपुर ।जनपद में आयोजित होने वाले थाना दिवस को इस बार एक विशेष अभियान के रूप में मनाया जा रहा है। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने जमीन विवादों को प्राथमिकता पर लेकर निस्तारण की नई पहल की है। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि थाना दिवस के दौरान भूमि संबंधी मामलों को पुलिस और राजस्व विभाग संयुक्त रूप से सुने और अधिकतर विवादों का निस्तारण उसी दिन किया जाए।
डीएम ने कहा कि लंबे समय से देखा जा रहा है कि लोग जमीन से जुड़े विवादों के लिए राजस्व और पुलिस विभाग के चक्कर काटते रहते हैं। कई बार विभागों की आपसी तालमेल की कमी से समस्या और बढ़ जाती है। इस बार थाना दिवस को गंभीरता से लेते हुए सुनिश्चित किया जाएगा कि लोगों को उसी दिन राहत मिले।
डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि अबकी बार थाना दिवस में पुलिस और राजस्व अधिकारी एकसाथ मौजूद रहेंगे। अक्सर पुलिस जमीन विवादों में यह कहकर पीछे हटती है कि मामला राजस्व का है और राजस्व कर्मी अकेले समाधान नहीं कर पाते। इस बार दोनों विभाग मिलकर काम करेंगे ताकि लोगों को राहत मिल सके।
थाना दिवस के तहत सिंधौली, तिलहर और जलालाबाद में एडीएम स्तर के अधिकारी मौजूद रहेंगे, जबकि कांट, अल्हागंज, निगोही, बंडा और मिर्जापुर में एसडीएम स्तर के अधिकारी तैनात रहेंगे। तहसीलदारों को सभी थानों में भेजा गया है। यह अभियान शनिवार सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलेगा। डीएम ने जिले वासियों से अपील की है कि जिन लोगों को भूमि से जुड़े विवाद लंबे समय से परेशान कर रहे हैं, वे इस अवसर का लाभ उठाएं और संबंधित थानों पर पहुंचें। शासन की मंशा है कि हर व्यक्ति को न्याय समय पर मिले, और इस अभियान के जरिए वह कोशिश पूरी की जाएगी।
























