
पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होल्कर त्रिशताब्दी स्मृति अभियान जिला संगोष्ठी आयोजित
जौनपुर। भारतीय जनता पार्टी मछलीशहर द्वारा जिला कार्यालय पर आयोजित जिला संगोष्ठी में पुण्यश्लोक लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की त्रिशताब्दी स्मृति अभियान को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। संगोष्ठी के मुख्य अतिथि, प्रदेश मंत्री भाजपा और जगदीशपुर के विधायक सुरेश पासी ने अहिल्याबाई होल्कर के प्रेरणादायी जीवन और उनके अविस्मरणीय योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में अहिल्याबाई होल्कर को नारी सशक्तिकरण, सुशासन, धर्म, और संस्कृति संरक्षण की जीवंत प्रतिमा के रूप में प्रस्तुत किया। उन्होंने न केवल स्वयं को सशक्त बनाया, बल्कि अन्य महिलाओं को भी प्रेरित किया। उन्होंने अहिल्याबाई के सुशासन और न्यायप्रियता की चर्चा करते हुए उनके द्वारा किए गए सामाजिक और धार्मिक कार्यों को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि अहिल्याबाई ने काशी विश्वनाथ मंदिर समेत अन्य तीर्थस्थलों पर मंदिरों, घाटों, धर्मशालाओं, और अन्नक्षेत्रों का निर्माण करवाया। उनके शासनकाल में 8527 धार्मिक स्थलों का जीर्णोद्धार एवं पुनर्निर्माण कराया जो उनकी धार्मिक सहिष्णुता को दर्शाता है।मुख्य अतिथि ने विशेष रूप से उनके नारी सशक्तिकरण के प्रयासों पर जोर दिया। अहिल्याबाई ने महिलाओं को प्रशासन और युद्ध में महत्वपूर्ण भूमिकाएं दीं, और उनकी सेना में महिलाओं का नेतृत्व एक अनूठा उदाहरण था। उन्होंने अपने शासनकाल में शिक्षा, औद्योगीकरण, और संस्कृति संरक्षण को बढ़ावा दिया, जिससे मालवा एक समृद्ध और सुसंस्कृत राज्य बना। अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष डॉ अजय कुमार सिंह ने कहा कि अहिल्याबाई का जीवन त्याग, समर्पण, और धर्म के प्रति निष्ठा का प्रतीक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि इस त्रिशताब्दी स्मृति अभियान के माध्यम से उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाया जाए। 21 से 31 मई तक जिले में विभिन्न कार्यक्रमों जैसे भाषण, रंगोली, पेंटिंग प्रतियोगिताओं, और स्वच्छता अभियानों के माध्यम से अहिल्याबाई के जीवन और कार्यों को प्रचारित किया जाएगा।
संचालन डॉ नृपेन्द्र सिंह ने किया।इस अवसर पर राजेंद्र श्रीवास्तव,मेहीलाल गौतम,अनुपमा राय,मीना पटेल, रिशु सिंह रिद्धिमा,साधना सिंह,पूनम बिंद,सावित्री मौर्या,बृजेश सिंह, श्रीप्रकाश पांडेय,राकेश शुक्ला,महेंद्र प्रजापति,श्यामदत्त दुबे,राजेश सोनकर,जयेश सिंह,कमलेश सिंह,शिवशंकर गुप्ता,आशीष सरोज,धनंजय कश्यप आदि उपस्थित रहे

