Thursday, December 18

जौनपुर।वक्फ कानून को लेकर भ्रम फैला रही हैं सियासी पार्टियां: पुष्पराज सिंह

वक्फ कानून को लेकर भ्रम फैला रही हैं सियासी पार्टियां: पुष्पराज सिंह

जौनपुर। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह ने वक्फ कानून को लेकर विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ सियासी पार्टियां इस कानून को लेकर लोगों को गुमराह कर रही हैं। उन्होंने कहा कि वक्फ सुधार जन जागरण अभियान 2025 का उद्देश्य जनता को सही जानकारी देना और दुष्प्रचार को रोकना है।

शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में जिलाध्यक्ष ने कहा कि वक्फ कानून का मूल मकसद गरीबों और जरूरतमंदों की मदद करना है, लेकिन वर्षों से इसका दुरुपयोग हो रहा था। वक्फ संपत्तियों पर भूमाफियाओं ने कब्जा कर लिया था, जिन्हें अब खाली कराया जा रहा है। ऐसी जमीनों पर सरकार मुस्लिम समाज के बच्चों के लिए स्कूल, कॉलेज और अस्पताल बनाएगी।

उन्होंने कहा कि वक्फ के नाम पर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ है। देश में वक्फ की लगभग आठ लाख एकड़ जमीन है, जिसमें से 70 फीसदी से अधिक पर अवैध कब्जे हैं। कई स्थानों पर इन जमीनों पर मॉल, होटल और कोठियां बना ली गईं। सच्चर कमेटी की रिपोर्ट में भी इस बात की पुष्टि हुई है।

पुष्पराज सिंह ने यह भी कहा कि वक्फ कानून को लेकर फैलाया जा रहा यह नैरेटिव कि यह मुसलमानों के खिलाफ है, पूरी तरह से गलत है। उन्होंने दावा किया कि नया वक्फ कानून मुस्लिम समाज को उसका हक दिलाने वाला है। इसमें सभी समुदायों को प्रतिनिधित्व देने की व्यवस्था की गई है जिससे पारदर्शिता बढ़ेगी।

उन्होंने कहा कि विपक्ष विशेषकर कांग्रेस इस कानून को लेकर भ्रम फैलाने में जुटी है, जबकि यह कानून पूरी तरह से मुस्लिम समाज के विकास के लिए है। जौनपुर समेत कई जिलों में वक्फ बोर्ड द्वारा सरकारी जमीनों पर दावा किया गया है, जिनकी जांच राजस्व परिषद कर रही है।उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर मुस्लिम समाज को इस कानून के बारे में जानकारी देंगे और जागरूकता फैलाएंगे।इस अवसर पर जिला मीडिया प्रभारी आमोद सिंह और जिला सह-संयोजक अनिल गुप्ता भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *