
पहलगांव में निर्दोष लोगों की हत्या पर बरेली मंडल के सभी जिलों में जमकर हुआ पाकिस्तान के खिलाफ प्रदर्शन
मुजीब खान
बरेली / जम्मू कश्मीर में पाकिस्तान के आतंकियों द्वारा किए गए कायराना हमले में निर्दोष लोगों की हत्या से आज पूरे देश में पाकिस्तान के खिलाफ आक्रोश पनप रहा जिससे बरेली मंडल के जिले अछूते नहीं रहे मंडल के बरेली शाहजहांपुर पीलीभीत और बदायूं जनपद में लोगो द्वारा पाकिस्तान के खिलाफ जमकर प्रदर्शन करके पुतले फूंके गए और सरकार से इस हत्याओं का बदला लेने की मांग की गई ।
बरेली में नाथनगरी सुरक्षा समूह की ओर से पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में प्रदर्शन किया गया। बुधवार को सेठ दामोदरदास पार्क में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तान के विरोध में नारेबाजी की जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। जिलाधिकारी कार्यालय पर पाकिस्तान के विरोध में जमकर नारेबाजी की गई और पुतला फूंका गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम सिटी मजिस्ट्रेट राजीव शुक्ला को ज्ञापन सौंपा। संगठन के महामंत्री दुर्गेश गुप्ता ने कहा कि आतंकवादियों की हरकत बेहद कायरना है, जिस तरह निर्दोष लोगों के धर्म पूछ कर निशाना बनाया गया है वह गंभीर है। केंद्र सरकार को जल्द ही इस पर कार्रवाई करनी चाहिए।
वही जनपद शाहजहांपुर में न्यायिक कार्य से विरत रहकर अधिवक्ताओं ने हमले के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान से बदला लेने की मांग की शाहजहांपुर के सेंट्रल बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन भेजा। सेंट्रल बार एसोसिएशन की ओर से बुधवार को एक आम सभा का आयोजन राजीव सभागार में किया गया। इसमें जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादी हमले में निर्दोष पर्यटकों की निर्मम हत्या किए जाने पर गहरा दुख व शोक संवेदना व्यक्त की गई। बार एसोसिएशन ने घटना की घोर निंदा करते हुए भारत सरकार से ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस व प्रभावी कार्रवाई किए जाने की मांग की। इसके बाद अधिवक्ता कलक्ट्रेट पहुंचे और नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा।
पीलीभीत में अखिल भारत हिंदू महासभा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नगर अध्यक्ष सुनील कश्यप के नेतृत्व में छतरी चौराहा पर आतंकवाद और पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए। आतंकवाद का पुतला फूंका। हिंदू महासभा के जिलाध्यक्ष पंडित पंकज शर्मा ने कहा कि अब हिंदुओं को विभिन्न जातियों में न बंटकर एक साथ एकत्र होना होगा। कश्मीर में हुए हमले में आतंकवादियों ने जाति नहीं धर्म पूछकर हिंदुओं को गोली मारी। उधर, अधिवक्ता संघ ने भी आक्रोश जताया है।
जनपद बदायूं में भी पहलगांव हत्या कांड का खुला विरोध करते हुए पाकिस्तान के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए पुतले दहन किए गए।
























