
76वें गणतंत्र दिवस पर पूर्व माध्यमिक विद्यालय में हुआ भव्य समारोह
बलिया। शिक्षा-क्षेत्र नगरा में पड़ने वाले कोदई न्याय पंचायत के अंतर्गत आने वाले पूर्व माध्यमिक विद्यालय सिसवारकलां में 76वें गणतंत्र दिवस का आयोजन उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ किया गया। पूर्व मा०वि० सिसवारकलां पर गरिमापूर्ण ढंग से गणतंत्र दिवस मनाया गया तथा कम्पोजिट प्राथमिक विद्यालय सिसवारकलां के साथ सामूहिक प्रभातफेरी निकाली गयी।विद्यालय के प्रधानाध्यापक हरेन्द्र यादव ने विद्यालय में तिरंगा फहराकर समारोह की शुरुआत की। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश के प्रति अपने कर्तव्यों को निभाने का संदेश दिया, उन्होंने भारत के संविधान की महिमा और गणतंत्र दिवस के महत्व पर प्रकाश भी डाला।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय की संकुल शिक्षिका पुष्पांजलि श्रीवास्तव ने कहा आजादी के अमृत काल में गणतंत्र दिवस की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने भारतीय संविधान के निर्माण की यात्रा का विस्तृत वर्णन किया, जिसमें डॉ. बी.आर. अंबेडकर की अग्रणी भूमिका का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि प्रारूप समिति में बी.एन. राव ने संविधान का मसौदा तैयार करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
श्रीवास्तव ने बताया कि भारतीय संविधान के निर्माण में 2 वर्ष 11 माह और 18 दिनों का समय लगा। विभिन्न देशों के संविधान की सर्वोत्तम विशेषताओं को भारतीय संविधान में समाहित किया गया। सदन में विस्तृत विचार-विमर्श के बाद इसे अंगीकार किया गया, जिससे भारत एक पूर्ण गणराज्य बना।कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक हरेन्द्र यादव, पुष्पांजलिश्रीवास्तव, रेनू सिंह,सुधा पांडेय, सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे। समारोह के अंत में बच्चों को मिठाई वितरित की गई।
























