समरेर और उसावां में होगा सामूहिक विवाह, 305 जोड़े बंधेंगे परिणय सूत्र में
समरेर में 160 और दातागंज क्षेत्र में 145 जोड़ों का विवाह, हजारों लोगों के शामिल होने की उम्मीद
सत्य रथ | बदायूं
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शनिवार, 24 अक्टूबर को बदायूं जनपद में दो स्थानों पर सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किए जाएंगे। जिलाधिकारी अवनीश राय के निर्देश पर समाज कल्याण विभाग की ओर से आयोजित इन कार्यक्रमों में कुल 305 जोड़े वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत करेंगे। कार्यक्रम को भव्य रूप देने के लिए प्रशासन ने तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, समरेर स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में सुबह सात बजे से सामूहिक विवाह समारोह आयोजित होगा। यहां 160 जोड़ों का विवाह कराया जाएगा। वहीं, उसावां स्थित स्वर्गीय रामपाल सिंह राजकीय डिग्री कॉलेज में 145 जोड़े परिणय सूत्र में बंधेंगे।
हजारों लोगों के शामिल होने की उम्मीद
प्रशासन के अनुसार, समरेर में आयोजित कार्यक्रम में लगभग 3,500 और उसावां में करीब 3,000 लोगों के शामिल होने की संभावना है। नवविवाहित वर-वधुओं को आशीर्वाद देने के लिए जनपद के जनप्रतिनिधियों और समाज के गणमान्य नागरिकों के भी कार्यक्रम में पहुंचने की उम्मीद है।
अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारियां
सामूहिक विवाह समारोह को सकुशल संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कार्यक्रम स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि विवाह समारोह व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग करना और जरूरतमंद परिवारों को सामाजिक एवं आर्थिक संबल प्रदान करना है।
























