बदायूँ।उसावां में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मजदूर की मौत, परिजनों ने दो लोगों के खिलाफ दी तहरीर

उसावां में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मजदूर की मौत, परिजनों ने दो लोगों के खिलाफ दी तहरीर

निर्माणाधीन दुकान की छत पर काम करते समय हुआ हादसा, 33 हजार वोल्ट की लाइन की चपेट में आया मजदूर; कई थानों की पुलिस पहुंची

सत्य रथ।उसावां (बदायूं)

नगर पंचायत उसावां क्षेत्र में बुधवार सुबह निर्माणाधीन दुकान पर काम करते समय हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर मृतक के परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। मृतक के भाई ने दो लोगों पर मजदूरी के लिए ले जाने और हादसे के बाद मौके से चले जाने का आरोप लगाते हुए थाना पुलिस को तहरीर दी है।

समर्सेबिल पाइप की तराई करते समय हुआ हादसा

पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, नगर पंचायत उसावां के वार्ड तीन निवासी विनोद कुमार ने बताया कि 21 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब आठ बजे उनके भाई प्रमोद कुमार(40) को दो लोग मजदूरी के लिए अकबरपुर रोड स्थित  नवनिर्मित दुकान एवं गोदाम पर ले गए थे। आरोप है कि वहां प्रमोद कुमार को छत पर चढ़कर समर्सेबिल के पाइप की तराई करने के लिए कहा गया।

काम के दौरान छत के ऊपर से गुजर रही 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से प्रमोद कुमार को जोरदार करंट लगा। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

मौके पर पहुंचा परिवार, शव पड़ा मिला

विनोद कुमार के मुताबिक, हादसे की जानकारी मिलने पर वह अपनी पत्नी रिंकी के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। वहां प्रमोद कुमार का शव पड़ा मिला और आसपास के लोग भी एकत्र हो गए। तहरीर में विनोद कुमार ने आरोप लगाया है कि हादसे के बाद दोनों व्यक्ति मौके से चले गए।

पुलिस से कार्रवाई की मांग

मृतक के भाई विनोद कुमार ने थानाध्यक्ष को प्रार्थना पत्र देकर मामले में रिपोर्ट दर्ज करने और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। घटना की सूचना पर अलापुर, उसहैत, हजरतपुर और कादरचौक थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *