भदोही।इटवा गांव के सामने नाले में गिरी बाइक, तीन युवकों की मौत से मचा कोहराम।

इटवा गांव के सामने नाले में गिरी बाइक, तीन युवकों की मौत से मचा कोहराम।

शरद बिंद

महराजगंज ,भदोही। औराई कोतवाली क्षेत्र के इटवा गांव के सामने सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई। तीनों एक ही गांव मेदनीपुर के निवासी थे। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, विवेक बिंद (29) पुत्र चुन्नीलाल बिंद, सूरज बिंद (20) पुत्र पप्पू बिंद और पुनीत बिंद (19) पुत्र राकेश बिंद एक ही बाइक (यूपी 66 जेड 8413) से महराजगंज से उत्तरी सर्विस लेन के रास्ते अपने गांव मेदनीपुर जा रहे थे। इसी दौरान इटवा गांव के सामने बाइक अनियंत्रित होकर नाले में गिर गई। हादसे में तीनों की मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची औराई पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।

तीनों युवकों की मौत से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सूरज बिंद चार बहनों में इकलौता भाई था। वह सूरत में कपड़े की दुकान पर दिहाड़ी मजदूरी करता था। उसके पिता पप्पू बिंद भी मुंबई में मजदूरी करते हैं। बताया गया कि सूरज हादसे वाले दिन ही सूरत से घर लौटा था।

दूसरे मृतक विवेक बिंद चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। वह गुजरात की एक स्टील कंपनी में दिहाड़ी मजदूरी करता था। उसके पिता चुन्नीलाल बिंद भी उसी कंपनी में मजदूरी करते हैं। विवेक शादीशुदा था और उसके दो छोटे बेटे हैं, जिनकी उम्र करीब ढाई साल और डेढ़ साल है।

तीसरा मृतक पुनीत बिंद चार भाइयों में सबसे छोटा था। वह मिर्जापुर जिले के लोहरापुर स्थित एक विद्यालय में हाईस्कूल का छात्र था। उसके पिता मुंबई में मजदूरी करते हैं।

तीन युवकों की एक साथ मौत से गांव में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *