बलिया।जय श्रीराम के उद्घोष से गूंजा नगरा, भव्य शोभायात्रा में झांकियों ने मोहा मन

जय श्रीराम के उद्घोष से गूंजा नगरा, भव्य शोभायात्रा में झांकियों ने मोहा मन

राम-लक्ष्मण-सीता, हनुमान जी, राधा-कृष्ण और मां दुर्गा की मनमोहक झांकियां बनीं आकर्षण का केंद्र, सुरक्षा व्यवस्था में तत्पर रहा पुलिस प्रशासन

   रामईश्वर प्रजापति नगरा (बलिया)। आदर्श नगर पंचायत नगरा में रविवार को सार्वजनिक रामलीला समिति के तत्वावधान में श्रीरामलीला महोत्सव के शुभारंभ पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। गाजे-बाजे, धार्मिक धुनों और जय श्रीराम के गगनभेदी उद्घोष के बीच निकली शोभायात्रा से पूरा नगर भक्तिमय हो उठा। सुसज्जित वाहनों पर विराजमान भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण, हनुमान जी, राधा-कृष्ण और मां दुर्गा की मनमोहक झांकियां आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं। झांकियों में देवी-देवताओं के दिव्य स्वरूपों का दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर नजर आए। नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरती शोभायात्रा को देखने के लिए लोगों की निगाहें झांकियों पर टिकी रहीं। चारों ओर गूंजते जयकारों और भक्तिमय संगीत से वातावरण पूरी तरह राममय हो गया।

शोभायात्रा का शुभारंभ जनता इंटर कॉलेज परिसर से हुआ। आकर्षक ढंग से सजे वाहनों पर सवार देवी-देवताओं के स्वरूप, गाजे-बाजे की गूंज और श्रद्धालुओं के जयकारों ने आयोजन की भव्यता में चार चांद लगा दिए। शोभायात्रा नगरा-रसड़ा मार्ग से होते हुए घोसी मार्ग, बेल्थरा मार्ग और सिकंदरपुर मार्ग से गुजरी तथा पुनः अपने निर्धारित स्थान पर पहुंची। पूरे रास्ते शोभायात्रा का मनमोहक दृश्य लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। श्रद्धालु भगवान श्रीराम के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिरस में सराबोर दिखाई दिया।

इस अवसर पर चेयरमैन प्रतिनिधि उमाशंकर राम, पूर्व ब्लॉक प्रमुख निर्भय प्रकाश, रामदरस यादव क्रांति, राजेश गुप्ता, हरे राम गुप्ता, राम प्रसाद गुप्ता, सुनील कुमार, शशि प्रकाश, रामायण ठाकुर और मुन्ना गणपति,उदयनरायण,के पी यादव,अभिषेक यादव सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

शोभायात्रा के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद रहा। पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी पर तत्पर रहकर शोभायात्रा के सुचारु संचालन और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में जुटे रहे।

उल्लेखनीय है कि जनता इंटर कॉलेज परिसर में 11 से 21 अक्टूबर तक श्रीरामलीला महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव में श्रीधाम वृंदावन के आदर्श राम-कृष्ण लीला संस्थान तथा उत्तराखंड के प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा रामलीला की मनमोहक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। रविवार को निकली भव्य शोभायात्रा ने महोत्सव के धार्मिक एवं सांस्कृतिक उल्लास को नई ऊंचाई प्रदान की। आकर्षक झांकियों और श्रद्धालुओं के उत्साह ने नगरा में रामलीला महोत्सव के आगाज को यादगार बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *