भदोही।किसानों का अनिश्चितकालीन धरना चौथे दिन भी जारी।

किसानों का अनिश्चितकालीन धरना चौथे दिन भी जारी।

शरद बिंद

दुर्गागंज,भदोही। अभोली ब्लॉक के हरिकरनपुर स्थित सदलूबीर बाजार में भारतीय किसान संयुक्त मजदूर यूनियन के बैनर तले विभिन्न मांगों को लेकर चल रहा अनिश्चितकालीन धरना रविवार को चौथे दिन भी जारी रहा। किसान मांगों के समाधान को लेकर अड़े हुए हैं।

यूनियन के पूर्वांचल प्रभारी सालिक राम यादव ने बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता से मौके पर पहुंचकर समस्याओं का समाधान कराने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायत के बावजूद विभागीय अधिकारी किसानों की समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रहे हैं।

किसानों का कहना है कि कई स्थानों पर खेतों से बांस के सहारे बिजली के जर्जर तार गुजारे गए हैं। इससे तार गिरने और बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। किसानों ने जान-माल और फसलों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई।

यूनियन के राष्ट्रीय पर्यवेक्षक राम इकबाल तिवारी ने खेतों में लगाए गए बिजली के खंभों को हटाने अथवा प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने बताया कि संगठन की ओर से नौ सूत्रीय मांगें रखी गई हैं। किसानों ने चेतावनी दी कि मांगों पर कार्रवाई होने तक धरना जारी रहेगा।

इस मौके पर रूपनाथ पाल, रामचरित्र चौहान, मनीलाल यादव, मीरा देवी गौतम, दुर्गावती देवी, विजय यादव, मन्नू गौतम और त्रिलोकीनाथ बिंद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *