बलिया।समाजवादी पार्टी कार्यालय पर मनाई गई लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती

समाजवादी पार्टी कार्यालय पर मनाई गई लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती

 संजीव सिंह बलिया। आजादी की लड़ाई के महायोद्धा, सम्पूर्ण क्रांति के अग्रदूत एवं महान समाजवादी चिंतक लोकनायक जयप्रकाश नारायण जी की जयंती समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय, बलिया पर श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर उपस्थित समाजवादी पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सुनील कुमार मौर्य ने कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण जी का संपूर्ण जीवन देश की आजादी, लोकतंत्र की रक्षा, सामाजिक न्याय और जन अधिकारों के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि जयप्रकाश नारायण जी ने अपने संघर्षों और विचारों से देश की राजनीति को नई दिशा दी। सम्पूर्ण क्रांति का उनका आह्वान अन्याय, भ्रष्टाचार और व्यवस्था परिवर्तन के विरुद्ध जनशक्ति को संगठित करने का ऐतिहासिक प्रयास था। उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं और नौजवानों को लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा तथा समाज में समानता स्थापित करने की प्रेरणा देते हैं।

उन्होंने कहा कि बलिया की धरती ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण जैसे महान क्रांतिकारी को जन्म देकर देश को गौरवान्वित किया है। उनके बताए रास्ते पर चलना और समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय एवं अधिकार पहुंचाने के लिए संघर्ष करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

वक्ताओं ने कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण जी का संपूर्ण जीवन लोकतंत्र, सामाजिक न्याय, जन अधिकारों और शोषणमुक्त समाज की स्थापना के संघर्ष को समर्पित रहा। उन्होंने देश की आजादी की लड़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और स्वतंत्रता के बाद भी अन्याय, भ्रष्टाचार तथा तानाशाही प्रवृत्तियों के खिलाफ जनआंदोलनों का नेतृत्व किया। उनकी सम्पूर्ण क्रांति की विचारधारा आज भी देश के युवाओं और लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले लोगों के लिए प्रेरणास्रोत है।

इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने लोकनायक के बताए रास्ते पर चलने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक समानता और जनहित की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में यशपाल सिंह, सुशील पाण्डेय कान्हजी, रामेश्वर पासवान, कामेश्वर सिंह, चंद्रशेखर यादव, जुबेर सोनू, प्रमोद यादव, जलालुद्दीन, श्री भगवान वर्मा, रवींद्र नाथ यादव, हरेंद्र गोंड, राजन कन्नौजिया, अजय यादव, राज कुमार पाण्डेय, चंदन यादव, ओम प्रकाश राजभर, सर्वजीत यादव, अखिलेश गुप्ता, भानु प्रताप यादव, सुभाष यादव, अवधेश यादव, नीरज यादव सहित अन्य नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *