भदोही।दुर्गागंज के नए थाना प्रभारी बने रमाकांत यादव, अपराध पर अंकुश लगाना प्राथमिकता

दुर्गागंज के नए थाना प्रभारी बने रमाकांत यादव, अपराध पर अंकुश लगाना प्राथमिकता

शरद बिंद

दुर्गागंज,भदोही। जनपद के थाना दुर्गागंज में नवागत प्रभारी निरीक्षक रमाकांत यादव ने शुक्रवार को कार्यभार संभाल लिया। इससे पहले वह ऊंज थाने में एक वर्ष तक थाना प्रभारी निरीक्षक के पद पर तैनात रहे। इसके बाद उन्होंने न्यायालय सुरक्षा, विधि प्रकोष्ठ और रिट सेल में अपनी सेवाएं दीं। उनके कार्यों को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने कानून-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के उद्देश्य से उन्हें दुर्गागंज थाने की जिम्मेदारी सौंपी है।

इसके पूर्व दुर्गागंज थाने के प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार का स्थानांतरण सुरियावां थाने में कर दिया गया था। उनके स्थान पर रमाकांत यादव की तैनाती की गई है।

कार्यभार संभालने के बाद नवागत थाना प्रभारी निरीक्षक रमाकांत यादव ने कहा कि क्षेत्र में अपराधों पर अंकुश लगाना और अपराधियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करना उनकी प्राथमिकता होगी। साथ ही अपराधियों को कानून के अनुसार सजा दिलाने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र में किसी भी तरह की गैरकानूनी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने और कानून को हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम करना, अपराधों पर नियंत्रण रखना और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना है।

नवागत थाना प्रभारी की तैनाती से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *