बदायूं पुलिस ने किया दंगा नियंत्रण ड्रिल का अभ्यास, आपात स्थितियों से निपटने की तैयारी पर जोर

बदायूं पुलिस ने किया दंगा नियंत्रण ड्रिल का अभ्यास, आपात स्थितियों से निपटने की तैयारी पर जोर

पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में मॉक ड्रिल, भीड़ नियंत्रण से लेकर उपद्रवियों की गिरफ्तारी तक का किया अभ्यास

बदायूं। जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपात परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन, बदायूं के परेड ग्राउंड में दंगा नियंत्रण एवं बलवा ड्रिल का अभ्यास कराया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में आयोजित इस अभ्यास में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने दंगारोधी उपकरणों के साथ प्रतिभाग किया।

अभ्यास के दौरान पुलिसकर्मियों को विधि-विरुद्ध भीड़ नियंत्रित करने, भीड़ को तितर-बितर करने, उपद्रवियों से निपटने और बलवाइयों को गिरफ्तार करने की विभिन्न प्रक्रियाओं का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही, किसी भी अप्रिय स्थिति में शांति व्यवस्था बनाए रखने और आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के तरीकों का अभ्यास कराया गया।

ड्रिल के दौरान पथराव जैसी परिस्थितियों में स्वयं का बचाव करते हुए भीड़ को नियंत्रित करने, सतर्कता एवं संयम के साथ कार्रवाई करने और परिस्थितियों के अनुरूप पुलिस चेतावनी देने की प्रक्रिया समझाई गई। इसके अलावा आंसू गैस के गोले, रबर बुलेट और वाटर कैनन सहित उपलब्ध दंगारोधी संसाधनों के प्रयोग का भी अभ्यास किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने आपात परिस्थितियों में पुलिस बल के बीच बेहतर समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया और प्रभावी कार्रवाई के महत्व पर जोर दिया। अभ्यास का उद्देश्य पुलिसकर्मियों को दंगा या बलवा जैसी परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार करना और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की कार्यक्षमता को मजबूत करना रहा।

बदायूं पुलिस ने स्पष्ट किया कि जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पुलिस बल सदैव तत्पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *