बदायूँ।सस्ते सोने का लालच देकर महिला से 2.50 लाख की ठगी का आरोप, नकली आभूषणों के साथ आरोपी गिरफ्तार

सस्ते सोने का लालच देकर महिला से 2.50 लाख की ठगी का आरोप, नकली आभूषणों के साथ आरोपी गिरफ्तार

बदायूं। जनपद के थाना अलापुर क्षेत्र में सस्ते दाम पर सोने के आभूषण बेचने का झांसा देकर एक महिला से करीब 2.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में पुलिस ने एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पीली धातु का एक हार, तीन अंगूठियां और 40 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता महिला अक्सर अलापुर स्थित उवैश की कपड़े की दुकान पर खरीदारी करने जाती थी। आरोप है कि उवैश पुत्र नाजिम ने अपनी मां की बीमारी का हवाला देते हुए 18 कैरेट सोना कम कीमत पर बेचने की बात कही। उसकी बातों में आकर महिला ने तीन बार में करीब 2.50 लाख रुपये के बुंदे, अंगूठियां, बालियां और अन्य आभूषण खरीद लिए। महिला द्वारा रसीद मांगे जाने पर आरोपी ने बाद में देने की बात कही।

बाद में सुनार से आभूषणों की जांच कराई गई तो वे नकली निकले। महिला ने आभूषण वापस कर रुपये मांगे तो आरोप है कि उवैश और उसके दो भाइयों ने गाली-गलौज व मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। रुपये वापस नहीं मिलने पर महिला ने पुलिस से शिकायत की। इसके आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी

पुलिस के मुताबिक, विवेचना और साक्ष्य संकलन के दौरान मिली जानकारी के आधार पर थाना अलापुर पुलिस ने 8 अक्टूबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर नखासा बाजार के किनारे सड़क से आरोपी उवैश पुत्र नाजिम, निवासी कस्बा सखानू, थाना अलापुर, बदायूं को सुबह 11:55 बजे गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक हार, तीन पीली धातु की अंगूठियां और 40 हजार रुपये नकद बरामद हुए। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

पुलिस टीम में ये रहे शामिल

कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष सनी चौधरी, उपनिरीक्षक विनोद कुमार, उपनिरीक्षक अश्वनी कुमार, कांस्टेबल पराग चौधरी, कांस्टेबल देवेंद्र कुमार और कांस्टेबल राहुल चौधरी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *