भदोही।किसानों की समस्याओं को लेकर आठ अक्तूबर से 9 सूत्री मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन धरना।

किसानों की समस्याओं को लेकर आठ अक्तूबर से 9 सूत्री मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन धरना।

शरद बिंद/भदोही।

दुर्गागंज। भारतीय किसान संयुक्त मजदूर यूनियन की ओर से किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर आठ अक्तूबर से अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। धरने का स्थान हरिकरनपुर स्थित सदलूबीर कार्यालय निर्धारित किया गया है। यूनियन ने प्रशासन से किसानों की समस्याओं का तत्काल समाधान कराने की मांग की है।

यूनियन की ओर से विद्युत विभाग पर मनमानी वसूली का आरोप लगाया गया है। पदाधिकारियों का कहना है कि गांवों में ओवरलोड के नाम पर कथित रूप से अवैध वसूली की जा रही है। बिना नोटिस कनेक्शन काटने और भारी-भरकम बिजली बिल की वसूली किए जाने की शिकायत भी की गई है। मामले की जांच कर दोषी लाइनमैन और जेई के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।

यूनियन ने भदोही पावर हाउस में तैनात रहे बड़े बाबू प्रशांत कुमार सोनी से संबंधित फाइलों की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। आरोप है कि उन्हें एंटी करप्शन टीम ने रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। यूनियन ने कार्यालय में रखी फाइलों को जब्त कर यह जांच कराने की मांग की है कि किस अधिकारी के हस्ताक्षर से कितना निर्धारण और आकलन किया गया। साथ ही पूर्व में दर्ज एफआईआर और उनके निस्तारण की भी जांच की मांग की गई है।

पदाधिकारियों ने फर्जी आईजीआरएस कराने और समाजसेवी बनकर कथित वसूली करने वालों पर भी कार्रवाई की मांग की। किसानों को उपज का उचित समर्थन मूल्य नहीं मिलने पर नाराजगी जताते हुए कहा कि गेहूं के समर्थन मूल्य में मामूली बढ़ोतरी किसानों के साथ मजाक है। डीजल, खाद, मजदूरी और सिंचाई की बढ़ती लागत का हवाला देते हुए किसानों को लागत के अनुरूप लाभकारी मूल्य देने की मांग की गई। धरना स्थल पर समस्याओं के समाधान तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी गई। धरने में शामिल सालिक राम यादव, राम अकबाल तिवारी ,रवींद्र मिश्रा,विश्राम यादव आदि लोग।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *