सड़क हादसे के बाद खुला नशे का राज, 14.5 किलो डोडा छिलका पुलिस ने किया बरामद
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने दो बैगों से पकड़ा नशीला पदार्थ, एक युवक हिरासत में, साथी घायल
बदायूं। जनपद के थाना उसावां क्षेत्र में मंगलवार भोर सड़क हादसे के बाद नशे के कारोबार का खुलासा होने का मामला सामने आया है। ग्राम गौतरा के समीप तालाब के पास मोटरसाइकिल दुर्घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से दो बैग बरामद किए। तलाशी लेने पर दोनों बैगों में कुल 14.500 किलो डोडा छिलका मिलने का दावा किया गया। पुलिस ने मौके से एक युवक को हिरासत में ले लिया, जबकि उसका साथी घायल होने के कारण उपचार के लिए भेजा गया।
पुलिस के मुताबिक, पीआरवी को ग्राम गौतरा के पास मोटरसाइकिल के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल व्यक्ति को 108 एंबुलेंस की मदद से सीएचसी म्याऊं भेज दिया। इसी दौरान उसका साथी मोटरसाइकिल और दो बैगों के साथ मौके पर मिला।
पुलिस ने बैगों के संबंध में पूछताछ की तो युवक ने उनमें डोडा छिलका होने की जानकारी दी। सूचना मिलने पर थाना उसावां पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्राधिकारी नगर को भी अवगत कराया गया। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों से अवगत कराते हुए युवक की तलाशी ली। तलाशी के दौरान दोनों बैगों से कुल 14.500 किलो डोडा छिलका बरामद होने की बात पुलिस ने कही।
हिरासत में लिए गए युवक ने अपना नाम अमन पुत्र नन्हेलाल कश्यप निवासी मामूरगंज, थाना कादरचौक, बदायूं बताया। पुलिस के अनुसार उसने घायल साथी का नाम दीपक गुप्ता पुत्र धर्मपाल निवासी मामूरगंज बताया है। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर एनडीपीएस एक्ट के तहत विधिक कार्रवाई की।
























