ओसीएफ मेले की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का एसपी ने स्थलीय निरीक्षण कर लिया जायजा
शाहजहांपुर : आगामी 9 अक्टूबर से महानगर का सुप्रसिद्ध ओसीएफ श्री रामलीला मेले का शुभारंभ होने जा रहा है जिसकी तैयारी जोर शोर से चल रही है मेले में सुरक्षा को लेकर किए इंतजामों को देखने स्वयं जनपद के पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने मैदान में पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण कर किए जा रहे कार्य को देखा।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा रामलीला मैदान में आयोजित होने वाले आगामी कार्यक्रम के दृष्टिगत सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, यातायात व्यवस्था, पार्किंग व्यवस्था तथा पुलिस बल की तैनाती आदि के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। साथ ही कार्यक्रम स्थल के आसपास के महत्वपूर्ण स्थानों एवं आवागमन वाले मार्गों का निरीक्षण कर सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कार्यक्रम के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की प्रभावी एवं रणनीतिक तैनाती सुनिश्चित की जाए तथा भीड़ के दृष्टिगत आवश्यक बैरिकेडिंग एवं यातायात डायवर्जन/प्रबंधन की व्यवस्था समय से पूर्ण कर ली जाए। कार्यक्रम स्थल पर आने-जाने वाले व्यक्तियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सतर्कता के साथ ड्यूटी करने एवं किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने हेतु आवश्यक तैयारियाँ पूर्ण रखने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त कार्यक्रम स्थल एवं उसके आसपास निरन्तर प्रभावी पुलिस गश्त एवं निगरानी रखने, संदिग्ध व्यक्तियों/वस्तुओं पर सतर्क दृष्टि रखने तथा कानून एवं शांति व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित करने हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने दायित्वों का पूर्ण सजगता, संवेदनशीलता एवं समन्वय के साथ निर्वहन करें तथा आमजन को सुरक्षित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
























