गोवंशों की मौत पर पशुधन मंत्री सख्त
अभिगांव और ब्यौर गोवंश आश्रय स्थलों का किया निरीक्षण, जिम्मेदारों पर कठोर कार्रवाई के निर्देश
बदायूं। लगातार हुई बारिश के दौरान 34 गोवंशों की मृत्यु की घटना को गंभीरता से लेते हुए पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने गुरुवार को म्याऊं ब्लॉक के अभिगांव और सालारपुर ब्लॉक के ब्यौर गोवंश आश्रय स्थलों का निरीक्षण किया। गोवंशों की मौत की जानकारी पर मंत्री ने नाराजगी जताई और संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने आश्रय स्थलों में गोवंशों के लिए उपलब्ध शेड, चारा, पेयजल और जलनिकासी समेत अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वर्तमान में हरा चारा सहित व्यवस्थाएं दुरुस्त मिलीं। उन्होंने मौके पर मौजूद ग्रामीणों से भी बारिश के दौरान हुई गोवंशों की मौत के संबंध में जानकारी ली।
ग्रामीणों ने बताया कि लगातार तीन दिन हुई बारिश के दौरान पर्याप्त शेड नहीं होने से गोवंश लगातार भीगते रहे। आश्रय स्थल ढलान पर होने के कारण बारिश का पानी भी भर गया, जिससे गोवंशों को पानी में रहने के लिए मजबूर होना पड़ा। लगातार भीगने और ठंड लगने से कई गोवंशों की मौत हो गई।
पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि गोवंश आश्रय स्थलों पर इस तरह की घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी सर्दी को देखते हुए सभी गोवंश आश्रय स्थलों पर पर्याप्त शेड, जलनिकासी, चारा और पेयजल सहित सभी जरूरी व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. प्रेम कोहली ने बताया कि बारिश में भीगने के कारण म्याऊं क्षेत्र में 20 और सालारपुर क्षेत्र में 14, कुल 34 गोवंशों की मृत्यु हुई है। ब्यौर आश्रय स्थल पर एक बीमार गोवंश मिला, जिसका लगातार उपचार कराया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान सदर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला, जिला विकास अधिकारी मनोज कुमार, उप जिलाधिकारी दातागंज, अधिशासी अधिकारी, खंड विकास अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

