परिवार परामर्श केंद्र ने 10 परिवारों में कराया समझौता,
मतभेदों की दीवार टूटी, फिर साथ आए 10 परिवार
पुलिस लाइन में परिवार परामर्श केंद्र की पहल, 72 मामलों में हुई सुनवाई
बदायूं। आपसी कलह और पारिवारिक मतभेदों के चलते बिखरते परिवारों को जोड़ने की दिशा में बदायूं पुलिस की पहल जारी है। बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन बदायूं में परिवार परामर्श केंद्र के सहयोग से पारिवारिक विवादों की सुनवाई की गई। इस दौरान कुल 72 फाइलें प्रस्तुत हुईं, जिनमें से 48 मामलों में काउंसलिंग की गई और 10 मामलों में आपसी समझौता कराया गया।
परामर्श केंद्र में मौजूद काउंसलरों ने दोनों पक्षों की समस्याओं को सुनते हुए आपसी बातचीत और समझदारी से विवाद सुलझाने का प्रयास किया। वहीं 10 फाइलें निरस्त की गईं, जबकि शेष मामलों में सुनवाई के लिए अग्रिम तिथि निर्धारित की गई।
परामर्श के बाद जिन परिवारों में समझौता हुआ, उन्हें आपसी सौहार्द बनाए रखते हुए सुखद और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं। पुलिस की इस पहल का उद्देश्य पारिवारिक विवादों को संवाद और समझाइश के माध्यम से सुलझाकर परिवारों को टूटने से बचाना है।
इस दौरान काउंसलर गिरधारी सिंह राठौर, भीमसेन सागर, ज्वाला प्रसाद गुप्ता, नाजमा बरकाती, एसडी शर्मा, मधु गौतम और अशोक खुराना मौजूद रहे। पुलिस की ओर से महिला हेड कांस्टेबल कुमुद (प्रभारी), महिला कांस्टेबल राखी व कांस्टेबल स्वाति ने सहयोग किया।
























