पांच सूत्रीय मांगों को लेकर शिक्षामित्रों ने डीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षामित्र संघ ने सोमवार को पांच सूत्रीय मांगों को लेकर जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। शिक्षामित्रों ने सरकार से मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।
ज्ञापन में नॉन-टीईटी शिक्षामित्रों को शिक्षकों के साथ विशेष टीईटी परीक्षा में शामिल करने, टीईटी उत्तीर्ण शिक्षामित्रों को नियमित शिक्षक बनाए जाने तथा शिक्षक भर्ती में विशेष वेटेज/भारांक दिए जाने की मांग प्रमुख रही।
इसके अलावा शिक्षामित्रों ने जनपद के अंदर स्थानांतरण की प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने, महिला शिक्षामित्रों के स्थानांतरण का प्रावधान लागू करने, सेवा अवधि 62 वर्ष करने तथा महंगाई को देखते हुए मानदेय में वृद्धि किए जाने की मांग उठाई।
ज्ञापन देने वालों में जिलाध्यक्ष देवसी प्रसाद यादव, जिला महामंत्री हीरा लाल सरोज, प्रांतीय संगठन मंत्री कृष्ण मोहन उपाध्याय, मंडल अध्यक्ष अनिल कुमार यादव, जिला उपाध्यक्ष उपेन्द्र कुमार यादव, राजेश कुमार सिंह, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष संगीता देवी, मुख्य जिला संगठन मंत्री अशोक कुमार यादव, जिला कोषाध्यक्ष राजकुमार राम, जिला मीडिया प्रभारी अमर शेखर, मंडल संगठन मंत्री महिला प्रकोष्ठ अंशु प्रजापति, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष रीता सिंह, जिला महामंत्री पूनमलता यादव, जिला उपाध्यक्ष रंजू सिंह, कुसुम लता सहित चन्द्रमा, भानमती और दर्जनों शिक्षामित्र मौजूद रहे।
























