गुवाली में कजरी प्रतियोगिता में कलाकारों ने बांधा समां।
शरद बिंद
अभोली,भदोही। अभोली ब्लॉक के गुवाली गांव में रविवार को बजरंग दल समिति की ओर से कजरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में मिर्जापुर की आरती जख्मी और मछलीशहर के समारू खलीफा के बीच कजरी गायन का जोरदार मुकाबला हुआ। दोनों कलाकारों ने अपनी गायकी और प्रस्तुतियों से श्रोताओं को देर तक बांधे रखा।
प्रतियोगिता के दौरान कलाकारों ने पारंपरिक कजरी गीतों की प्रस्तुति देकर माहौल को संगीतमय बना दिया। आरती जख्मी ने ‘आज अंगने में आए भगवान, गजब निक लागेला’ गीत प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। उनकी प्रस्तुति पर श्रोता झूम उठे और तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। वहीं समारू खलीफा ने भी अपनी दमदार प्रस्तुति से श्रोताओं का मनोरंजन किया।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने कहा कि कजरी पूर्वांचल की लोक संस्कृति और परंपरा से जुड़ी विधा है। इस तरह के आयोजन से लोकगीत और लोक संगीत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में मदद मिलती है। देर तक चले मुकाबले का श्रोताओं ने भरपूर आनंद उठाया।
इस मौके पर बऊ गौड़, अतुल सिंह, उमेश सिंह, सोनू सिंह, जटाशंकर सिंह समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। आरती जख्मी के साथ ढोलक पर अरविंद शंकर और तबले पर प्रमोद ने संगत की। आयोजकों ने कलाकारों और सहयोगियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी का आभार जताया
























