बेल्थरारोड के सौरभ सिंह बने कानपुर के एडीएम सिटी, पदोन्नति पर गांव में खुशी की लहर
मेहनत और कर्तव्यनिष्ठा से हासिल की नई जिम्मेदारी, ग्रामीणों ने जताया गर्व
संजीव सिंह बलिया। बेल्थरारोड तहसील क्षेत्र के बरेवां मुख्लिसपुर गांव निवासी 2016 बैच के पीसीएस अधिकारी सौरभ सिंह को पदोन्नति मिली है। शासन ने उन्हें कानपुर का अपर जिलाधिकारी (एडीएम) सिटी नियुक्त किया है। उनकी पदोन्नति की खबर मिलते ही गांव और क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। परिवार, ग्रामीणों और जिलेवासियों ने उनकी उपलब्धि पर गर्व जताते हुए उन्हें बधाई दी।
सौरभ सिंह ने वर्ष 2019 में पीसीएस परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद देवरिया में उपजिलाधिकारी (एसडीएम) के पद पर कार्यभार संभाला था। उन्होंने देवरिया में करीब चार वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं। इसके बाद उन्होंने शाहजहांपुर और लखनऊ सदर में भी एसडीएम के रूप में कार्य किया। वर्ष 2025 में उन्हें मथुरा का अपर नगर आयुक्त बनाया गया।
प्रशासनिक क्षमता, कार्यशैली और कर्तव्यनिष्ठा को देखते हुए शासन ने उन्हें पदोन्नति देकर कानपुर का एडीएम सिटी बनाया है। उनकी इस उपलब्धि पर शुभचिंतक और परिचित लगातार बधाई देने उनके गांव पहुंच रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि सौरभ सिंह ने अपनी मेहनत, लगन और ईमानदारी से गांव तथा जिले का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता से क्षेत्र के युवाओं में भी आगे बढ़ने और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने का उत्साह बढ़ा है।
सौरभ सिंह ने कहा कि किसी भी अधिकारी को बेहतर कार्य करने के लिए आत्मविश्वास के साथ जनता और कर्मचारियों के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखना जरूरी है। आपसी समन्वय के माध्यम से ही सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा सकता है और जनता को समय पर न्याय दिलाया जा सकता है।
सौरभ सिंह की पदोन्नति पर परमात्मा सिंह, राजेंद्र सिंह, विपिन सिंह समेत अनेक शुभचिंतकों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वे इसी तरह निरंतर तरक्की करते रहें और अपने कार्यों से क्षेत्र का नाम रोशन करें।
























