आजमगढ़।रिश्तेदारी जाने की बात कहकर निकला युवक लापता, परिजनों की बढ़ी चिंता

रिश्तेदारी जाने की बात कहकर निकला युवक लापता, परिजनों की बढ़ी चिंता

11 सितंबर की सुबह घर से निकला 36 वर्षीय राहुल मिश्रा, तलाश के बाद भी नहीं मिला सुराग

उपेन्द्र कुमार पांडेय

आजमगढ़। महराजगंज थाना क्षेत्र के ग्राम ससना विश्वनाथपुर से रिश्तेदारी में जाने की बात कहकर घर से निकला 36 वर्षीय युवक राहुल मिश्रा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। दो दिन बीतने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिलने से परिजन परेशान हैं। परिवार ने महराजगंज थाने में गुमशुदगी दर्ज कराते हुए पुलिस से युवक की तलाश कराने की गुहार लगाई है।

राहुल के पिता शिवप्रसाद मिश्रा के मुताबिक, उनका बेटा 11 सितंबर की सुबह करीब 10 बजे रिश्तेदार के यहां जाने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद वह न तो बताए गए रिश्तेदार के घर पहुंचा और न ही वापस घर लौटा। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने रिश्तेदारियों, परिचितों और संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन कहीं से कोई जानकारी नहीं मिल सकी।

बेटे के अचानक लापता होने से परिवार की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। परिजन अपने स्तर से भी उसकी तलाश में जुटे हैं। पिता ने राहुल के फोटो और विवरण वाले पोस्टर चस्पा कर लोगों से उसके संबंध में जानकारी मिलने पर तत्काल सूचित करने की अपील शुरू की है।

परिजनों का कहना है कि राहुल के संबंध में कोई भी जानकारी मिलने पर पुलिस अथवा परिवार को सूचित किया जाए। वहीं पुलिस ने परिजनों को युवक की तलाश में हरसंभव मदद का भरोसा दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *