सात वांछित व वारंटी समेत गिरफ्तार, शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर पुलिस का शिकंजा
बदायूं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं के निर्देश पर वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे अभियान में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस ने कुल सात अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने सभी आरोपियों को आवश्यक कार्रवाई के बाद संबंधित न्यायालय के समक्ष पेश किया।
कुंवरगांव पुलिस ने एक मामले में वांछित बाल अपचारी को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही थी। गिरफ्तारी के बाद बाल अपचारी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
अलापुर पुलिस ने वारंटी अभियुक्त अर्जुन पुत्र जंजाली निवासी ग्राम कंचनपुर को गिरफ्तार किया। अभियुक्त के खिलाफ आबकारी अधिनियम समेत अन्य धाराओं में न्यायालय से वारंट जारी था। पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया।
इसी क्रम में जरीफनगर पुलिस ने वारंटी अभियुक्त शिशुपाल पुत्र साहब सिंह निवासी ग्राम वजीरपुर को गिरफ्तार किया। अभियुक्त के खिलाफ मारपीट एवं गाली-गलौज सहित अन्य धाराओं से संबंधित मामला न्यायालय में विचाराधीन था।
वहीं उसावां पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से चार अभियुक्तों सुनिल पुत्र उदयवीर, सतेन्द्र पुत्र बाबूराम निवासी ग्राम कैली तथा मुखवीर पुत्र वीरेन्द्र और धीरज पुत्र वीरेन्द्र निवासी ग्राम रतेनंगला को गिरफ्तार किया। पुलिस ने सभी के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए संबंधित न्यायालय के समक्ष पेश किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के साथ-साथ शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों के खिलाफ भी अभियान लगातार जारी रहेगा।
























