ईस्टर्न पेरिफेरल हादसे में 13 श्रद्धालुओं की मौत, 23 घायल, डीएम ,एसएसपी ने परिजनों से मिलकर बंधाया ढांढस
एसएसपी ने मृतकों के परिजनों से मिलकर बंधाया ढांढस, घायलों के उपचार और पीड़ित परिवारों की मदद के निर्देश
गोगामेड़ी बागड़ धाम से बदायूं लौटते समय हुआ दर्दनाक हादसा, डीएम-एसएसपी ने मृतकों के परिजनों से मिलकर बंधाया ढांढस
बदायूं। राजस्थान के गोगामेड़ी बागड़ धाम से दर्शन कर बदायूं लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप सोमवार देर रात ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसे का शिकार हो गई। बड़ागांव के पास पिकअप की कैंटर से साइड लगने के बाद वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराया और पलट गया। हादसे में 13 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 23 श्रद्धालु और कैंटर चालक घायल हो गए।
बताया गया कि हादसा 6/7 सितंबर की रात करीब 1:30 बजे हुआ। दुर्घटना की सूचना मिलते ही बागपत पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को तत्काल विभिन्न अस्पतालों में उपचार के लिए भर्ती कराया गया तथा जरूरत के अनुसार कुछ घायलों को उच्च चिकित्सा केंद्रों के लिए रेफर किया गया। हादसे के संबंध में बागपत पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
परिजनों से मिले डीएम और एसएसपी
हादसे की जानकारी मिलने के बाद जिलाधिकारी बदायूं और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं मृतकों के घर पहुंचे। अधिकारियों ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और घटना पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव सहायता और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
घायलों के उपचार पर प्रशासन की नजर
जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने घायलों के समुचित उपचार तथा पीड़ित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए हैं। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवारों की हरसंभव मदद सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
























