चिकित्सा सेवा से बनेगा स्वस्थ और समरस दातागंज : राजीव कुमार सिंह
उसावां के जेडी लॉन में ‘चिकित्सा समरसता संगोष्ठी’ आयोजित, चिकित्सकों ने जनसेवा के प्रति लिया संकल्प
उसावां/बदायूं। दातागंज विधानसभा क्षेत्र के उसावां स्थित जेडी लॉन में ‘चिकित्सा समरसता संगोष्ठी’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह ‘बब्बू भैया’ की उपस्थिति में क्षेत्र के चिकित्सकों, जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्धजनों ने चिकित्सा सेवाओं से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर संवाद किया। इस दौरान बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के माध्यम से समाज की सेवा करने का संकल्प लिया गया।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि चिकित्सक समाज के महत्वपूर्ण आधार स्तंभ हैं। वे बिना किसी भेदभाव के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने और जरूरतमंदों का जीवन बचाने के लिए निरंतर समर्पित रहते हैं। स्वस्थ, सशक्त और समरस समाज के निर्माण में चिकित्सकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा पदाधिकारियों ने भी सहभागिता की। ब्लॉक प्रमुख कुंवर अतेंद्र विक्रम सिंह ‘अंकित भैया’, विजय कुमार सिंह ‘पालू भैया’, भाजपा जिला प्रतिनिधि भावेश प्रताप सिंह, गौतरा मंडल महामंत्री संतोष सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष ओमप्रताप सिंह तथा मंडल अध्यक्ष राहुल लोधी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और क्षेत्र के चिकित्सक मौजूद रहे।
संगोष्ठी में डॉ. नारायण दत्त मिश्रा, डॉ. अजय प्रताप सिंह, डॉ. कृपाल वर्मा, डॉ. छत्रपाल सिंह तोमर, डॉ. शमशुल, डॉ. मोरपाल कश्यप, डॉ. राजीव कश्यप, डॉ. एस.के. देव बंगाली, डॉ. मधु सिंह चौहान और डॉ. इश्तियाक हुसैन सहित अनेक चिकित्सकों ने सक्रिय सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान चिकित्सा क्षेत्र में जनसेवा, सामाजिक समरसता और आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर विचार-विमर्श किया गया। संगोष्ठी में चिकित्सकों और जनप्रतिनिधियों ने मिलकर स्वस्थ एवं समरस दातागंज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प दोहराया।
























