लखनऊ।न्यायिक अधिकारियों ने निकाली साइकिल रैली, पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य का दिया संदेश

न्यायिक अधिकारियों ने निकाली साइकिल रैली, पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य का दिया संदेश

लखनऊ। पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शनिवार को लखनऊ में न्यायिक अधिकारियों ने साइकिल रैली निकाली। रैली का नेतृत्व प्रभारी जिला जज/एडीजे नीतू पाठक ने किया।

रैली बटलर पैलेस स्थित सेशन्स हाउस से शुरू हुई। प्रभारी जिला जज नीतू पाठक ने हरी झंडी दिखाकर न्यायिक अधिकारियों को रवाना किया। इसके बाद अधिकारी साइकिल से हजरतगंज और परिवर्तन चौक होते हुए जनपद न्यायालय परिसर पहुंचे। इस दौरान अधिकारियों के हाथों में ‘पर्यावरण बचाओ-जीवन बचाओ’ और ‘स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत’ जैसे संदेश लिखे बैनर और तख्तियां थीं।

न्यायालय का कार्य समय समाप्त होने के बाद शाम पांच बजे रैली जनपद न्यायालय परिसर से वापस सेशन्स हाउस के लिए रवाना हुई। वापसी के दौरान भी लोगों ने न्यायिक अधिकारियों के इस जागरूकता अभियान की सराहना की।

इस अवसर पर प्रभारी जिला जज नीतू पाठक ने कहा कि व्यस्त दिनचर्या में साइकिल चलाना स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभकारी है। उन्होंने कहा कि प्रदूषण कम करने और आने वाली पीढ़ी को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने दैनिक जीवन में छोटे-छोटे प्रयास करने चाहिए।

साइकिल रैली में लखनऊ जनपद के विभिन्न न्यायालयों के न्यायिक अधिकारी, न्यायिक कर्मचारी और सुरक्षा बल के जवान बड़ी संख्या में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *