सिकरी में अंबेडकर प्रतिमा स्थापित करने के प्रयास को लेकर बवाल, पुलिस पर पथराव; 9 गिरफ्तार
बदायूँ। थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र के ग्राम सिकरी में सरकारी भूमि पर बिना अनुमति डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने के प्रयास को लेकर विवाद बढ़ गया। पुलिस के अनुसार, मौके पर पहुंची पुलिस एवं प्रशासनिक टीम द्वारा प्रतिमा स्थापित करने से रोकने और लोगों को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन स्थिति बिगड़ गई। आरोप है कि भीड़ ने पुलिस एवं प्रशासनिक टीम पर ईंट-पत्थर और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पथराव में कुछ पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।
पुलिस के मुताबिक, उपद्रव के दौरान फायर सर्विस, एंबुलेंस, पीएसी तथा पुलिस-प्रशासन और राजस्व विभाग के वाहनों में तोड़फोड़ कर उन्हें क्षतिग्रस्त किया गया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने आवश्यक बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया और मौके पर शांति व्यवस्था कायम की। घायल पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए सीएचसी आसफपुर भेजा गया।
मामले में थाना फैजगंज बेहटा में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुनेश कुमार, अमरपाल, उदयवीर, मोहित, नेम सिंह, मेघ सिंह, अमन, शिवम और दिनेश, सभी निवासी ग्राम सिकरी, को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है और अन्य विधिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस ने बताया कि मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), आपराधिक कानून अधिनियम तथा सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
दो आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में नेम सिंह के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत पूर्व में दो मुकदमे दर्ज हैं। वहीं मेघ सिंह के खिलाफ वर्ष 2014 से 2025 तक आबकारी अधिनियम सहित अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। वर्तमान घटना से संबंधित मामले भी उनके आपराधिक इतिहास में शामिल किए गए हैं।
प्रतिमा खंडित किए जाने की सूचना को पुलिस ने बताया गलत
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को तोड़े या खंडित किए जाने संबंधी प्रसारित सूचना पूरी तरह असत्य एवं निराधार है। पुलिस के अनुसार, घटना के दौरान प्रतिमा को लेकर ऐसी कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
गिरफ्तारी की कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक सुभाष कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा की गई। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।
























