बदायूँ।सिकरी में शांति-व्यवस्था को लेकर पुलिस-प्रशासन सतर्क, एडीएम एफआर व एएसपी ग्रामीण ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

सिकरी में शांति-व्यवस्था को लेकर पुलिस-प्रशासन सतर्क, एडीएम एफआर व एएसपी ग्रामीण ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

बदायूँ। जनपद के थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र के ग्राम सिकरी में ग्राम समाज की भूमि पर बिना सक्षम अनुमति के डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने के प्रयास के बाद पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। बुधवार को एडीएम एफआर और अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने घटनास्थल का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जानकारी के अनुसार 25 अगस्त को ग्राम सिकरी में ग्राम समाज की भूमि पर बिना अनुमति प्रतिमा स्थापित करने के प्रयास की सूचना पर पुलिस-प्रशासन तत्काल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ के निर्देशन में एडीएम एफआर तथा अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने बुधवार को घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान एसडीएम सदर (न्यायिक) समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

प्रशासन द्वारा राजस्व विभाग से समन्वय कर प्रकरण में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। क्षेत्र में पुलिस लगातार भ्रमण एवं निगरानी कर रही है। अधिकारियों के अनुसार क्षेत्र की सभी दुकानें और बाजार खुले हैं तथा आवागमन, यातायात एवं दैनिक गतिविधियां सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं।

पुलिस-प्रशासन ने वर्तमान स्थिति को शांतिपूर्ण एवं नियंत्रण में बताया है। साथ ही क्षेत्रवासियों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *