बदायूँ।सरकारी जमीन पर अंबेडकर प्रतिमा स्थापित करने को लेकर विवाद, सात हिरासत में

सरकारी जमीन पर अंबेडकर प्रतिमा स्थापित करने को लेकर विवाद, सात हिरासत में

बदायूं। जनपद के थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र के ग्राम सिकरी में मंगलवार को सरकारी जमीन पर डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने के प्रयास को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रतिमा स्थापित करने से रोक दिया। इस दौरान कुछ लोगों द्वारा पुलिस पर ईंट-पत्थर फेंके जाने के बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर सात व्यक्तियों को हिरासत में लिया।

पुलिस के अनुसार, ग्राम सिकरी में जाटव समाज के कुछ लोगों द्वारा ग्राम समाज की सरकारी भूमि पर बिना अनुमति डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने के उद्देश्य से प्रतिमा लाकर रख दी गई थी। बाद में कुछ लोगों ने उसी दिन प्रतिमा स्थापित करने की मांग शुरू कर दी। प्रशासन एवं पुलिस ने कानून-व्यवस्था और मौके की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रतिमा स्थापित करने की अनुमति नहीं दी।

इसी बात को लेकर मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने ईंट-पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए सात लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस के मुताबिक फिलहाल मौके पर शांति एवं कानून-व्यवस्था सामान्य है और एहतियातन सतर्कता बरती जा रही है।

प्रशासन ने प्रतिमा को सुरक्षा की दृष्टि से तहसील बिसौली में रखवा दिया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को तोड़े या खंडित किए जाने की सूचना पूरी तरह असत्य एवं निराधार है। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *