बदायूँ।उसावां में पुलिस मुठभेड़ के दौरान तीन बदमाश गिरफ्तार, सिपाही भी घायल

उसावां में पुलिस मुठभेड़ के दौरान तीन बदमाश गिरफ्तार, सिपाही भी घायल

जेब काटकर चोरी किए गए एक लाख रुपये में से 26,750 रुपये बरामद, तीन तमंचे व कारतूस और वारदात में प्रयुक्त बाइक भी मिली

बदायूं। थाना उसावां पुलिस ने 20 अगस्त को बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस मुठभेड़ के दौरान तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया। मुठभेड़ में जवाबी कार्रवाई के दौरान तीनों आरोपियों के पैर में गोली लगी, जबकि बदमाशों की फायरिंग में पुलिस का एक सिपाही भी घायल हो गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध असलहे, कारतूस, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा करीब एक माह पूर्व जेब काटकर चोरी की गई रकम में से 26,750 रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार 20 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली कि सिद्ध बाबा मंदिर के आगे हजरतपुर रोड पर तीन बदमाश असलहों के साथ किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में खड़े हैं। सूचना पर थाना उसावां पुलिस ने घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी। पुलिस को देखते ही तीनों बदमाश मोटरसाइकिल से गूरा बरैला रोड की ओर भागने लगे। इसी दौरान पुलिस टीम ने उनका पीछा किया। मोटरसाइकिल फिसलने के बाद बदमाश जंगल की ओर भागने लगे और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

बदमाशों की गोलीबारी में कांस्टेबल राजू के हाथ में गोली लग गई। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें तीनों बदमाशों के पैर में गोली लगी। पुलिस ने घायलों को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी उसावां भेजा।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राकेश पुत्र शौकीन उर्फ अंतराम निवासी ग्राम ममापुर थाना कायमगंज, जनपद फर्रुखाबाद, सुरजीत पुत्र रामकुमार निवासी ग्राम लुखुआ थाना कादरी गेट, फर्रुखाबाद तथा गौरव पुत्र रतन सिंह निवासी ग्राम ममापुर थाना कायमगंज, फर्रुखाबाद के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि करीब एक माह पूर्व ग्राम मरौरी के पास ऑटो में बैठे एक व्यक्ति की जेब काटकर उन्होंने एक लाख रुपये चोरी किए थे। चोरी की रकम में से कुछ रुपये खर्च करने के बाद शेष 26,750 रुपये पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बरामद कर लिए। इस संबंध में थाना उसावां में 18 जुलाई 2026 को मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन अवैध देशी तमंचे 315 बोर, सात जिंदा कारतूस, तीन खोखा कारतूस, घटना में प्रयुक्त टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल और चोरी की रकम के 26,750 रुपये बरामद किए हैं।

घायल सिपाही और तीनों घायल आरोपियों को उपचार के लिए सीएचसी उसावां भेजा गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *