बदायूँ।राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक

राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक

बदायूं। आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए गुरुवार को प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिक से अधिक वादों एवं प्रकरणों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित कराने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

माननीय राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में तथा जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बदायूं के निर्देशानुसार 12 सितंबर को सुबह 10 बजे से जनपद में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसका आयोजन जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्षता में होगा।

राष्ट्रीय लोक अदालत के नोडल अधिकारी राज वीर सिंह एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की प्रभारी सचिव सुमन तिवारी ने समस्त प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि अपने-अपने विभागों से संबंधित ऐसे अधिक से अधिक मामलों को चिन्हित करें, जिनका निस्तारण आपसी सुलह-समझौते के आधार पर संभव है।

बैठक में प्री-लिटिगेशन विवादों को भी अधिकाधिक संख्या में चिन्हित कर पक्षकारों के बीच आपसी सहमति से विवादों का समाधान कराने पर जोर दिया गया। अधिकारियों से कहा गया कि संबंधित पक्षकारों से समन्वय स्थापित कर उन्हें लोक अदालत के माध्यम से मामलों के सरल, त्वरित और आपसी सहमति से समाधान के लिए प्रेरित किया जाए।

अधिकारियों को राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार और जनसामान्य को जागरूक करने के भी निर्देश दिए गए, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें। बैठक में लंबित एवं प्री-लिटिगेशन प्रकरणों को चिन्हित करने तथा अधिक से अधिक मामलों के निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

12 सितंबर को सुबह 10 बजे से आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए संबंधित विभागों द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *