दातागंज पुलिस ने 24 घंटे में लूट का किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
बदायूं। थाना दातागंज पुलिस ने लूट की घटना का 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, 10,200 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त वैगनआर कार बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, 19 अगस्त को नेत्रपाल पुत्र किशनपाल निवासी कस्बा म्याऊं थाना अलापुर अपनी गाड़ी से जा रहे थे। डहरपुर टोल प्लाजा के पास चार अज्ञात लोगों ने उनकी गाड़ी रुकवाकर उसे सीज कराने की धमकी दी और 50 हजार रुपये की मांग की। आरोपियों ने जबरन 19,200 रुपये नकद और 800 रुपये यूपीआई के माध्यम से ट्रांसफर कराए तथा मोबाइल फोन भी लूट लिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश पर पुलिस टीमों का गठन किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी दातागंज के नेतृत्व में पुलिस ने जांच करते हुए घटना में शामिल आरोपियों की पहचान की।
पुलिस ने 20 अगस्त को बसेला तिराहे से हरिओम मथुरिया पुत्र रामसरन, निवासी नाहर खां सराय, लालपुल चौराहा, थाना कोतवाली बदायूं तथा यश जोशी पुत्र सुभाष चंद्र जोशी, निवासी जोशी मोहल्ला, चौधरी सराय, थाना कोतवाली बदायूं को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों के कब्जे से लूटा गया एक मोबाइल फोन, 10,200 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त वैगनआर कार बरामद हुई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया।
गिरफ्तारी एवं बरामदगी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक दातागंज वेदपाल सिंह सहित पुलिस टीम शामिल रही।
























