हजारों की सहभागिता: बलिया में स्काउट-गाइड ने मनाया पंडित श्रीराम बाजपेयी का जन्मोत्सव, विशाल तिरंगा मार्च संपन्न
संजीव सिंह बलिया। भारत स्काउट और गाइड के संस्थापक व महान स्काउटिंग व्यक्तित्व पंडित श्रीराम बाजपेयी जी का जन्मोत्सव आज कुंवर सिंह इंटर कॉलेज के प्रांगण में अत्यंत हर्षोल्लास व गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ पंडित श्रीराम बाजपेयी के चित्र पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया, उसके उपरांत स्काउट-गाइड प्रार्थना के साथ कार्यक्रम आगे बढ़ा।
संस्था के कोषाध्यक्ष श्री अरविंद कुमार सिंह ने पंडित बाजपेयी के जीवन व उनके आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका योगदान भारतीय स्काउटिंग के विकास के लिए प्रेरणास्रोत है। जिला सचिव श्री राजेश कुमार सिंह ने स्काउटिंग व गाइडिंग के व्यापक प्रचार-प्रसार और अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इस आंदोलन से जोड़ने पर जोर दिया।
इस अवसर पर जिला संगठन आयुक्त स्काउट एवं गाइड के नेतृत्व में स्काउट-गाइड के बच्चों ने वृक्षारोपण व स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी की। बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश देते हुए विद्यालय परिसर में पौधरोपण किया और आसपास की साफ-सफाई में भी योगदान दिया।
कार्यक्रम के साथ ही भारत स्काउट और गाइड, उत्तर प्रदेश, जनपद बलिया द्वारा जिलाधिकारी एवं जिला अध्यक्ष श्री मंगला प्रसाद सिंह तथा मुख्यायुक्त श्री मनोज कुमार मिश्रा की देखरेख में विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। तिरंगा यात्रा का शुभारम्भ वीर लोरिक स्टेडियम से जिलाधिकारी श्री मंगला प्रसाद सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री ओमवीर सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया।
हाथों में तिरंगा लिए हजारों नागरिकों, स्काउट्स-गाइड्स, एनसीसी कैडेट्स तथा विद्यार्थियों ने पूरे शहर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। यात्रा के दौरान भारत माता की जय व राष्ट्रभक्ति के नारों से माहौल गुंजायमान रहा। तिरंगा यात्रा वीर लोरिक स्टेडियम से कुंवर सिंह चौराहा, टी.डी. कालेज चौराहा, ओवरब्रिज, विशुनीपुर चौराहा होते हुए शहीद पार्क पहुंची, जहां राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ के सामूहिक गायन के साथ भव्य समापन हुआ।
जिलाधिकारी श्री मंगला प्रसाद सिंह ने उपस्थितजन को संबोधित करते हुए कहा कि ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ 9 अगस्त से 17 अगस्त तक गर्व व उत्साह के साथ चल रहा है। इस अभियान का उद्देश्य राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान व राष्ट्रभावना को और सुदृढ़ करना है। उन्होंने नागरिकों से सक्रिय सहभागिता की अपील की।
तिरंगा यात्रा में एडीएम श्री अनिल कुमार, बीएसए श्री मनीष कुमार सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट श्री आसाराम वर्मा, डीडीओ श्री आनंद प्रकाश, सीआरओ श्री गुलशन जी, जिला संगठन आयुक्त स्काउट श्री सौरभ कुमार पाण्डेय, जिला संगठन आयुक्त गाइड श्रीमती सरिता, गाइड कैप्टन अनन्या पाण्डेय, डॉ. संगीता चतुर्वेदी सहित जिले के विभिन्न अधिकारी, स्कूलों के शिक्षक-छात्र और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।
पंडित श्रीराम बाजपेयी के जन्मोत्सव, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान व तिरंगा यात्रा ने बलिया में सेवा, अनुशासन, पर्यावरण संरक्षण तथा राष्ट्रभक्ति का उत्कृष्ट संदेश दिया।
























